कुरुक्षेत्र, 27 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग द्वारा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए शैक्षणिक-साहित्यिक यात्रा का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. महा सिंह पूनिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को साहित्यिक संस्थाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और पत्रकारिता के व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराना तथा उनके ज्ञान एवं अनुभव का विस्तार करना था। यात्रा के प्रभारी सहायक आचार्य डॉ. जसबीर सिंह रहे। इसमें लगभग 55 विद्यार्थी एवं शोधार्थियों ने भाग लिया।
यात्रा के प्रथम चरण में दल ने पंचकूला स्थित हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी का भ्रमण किया। यहाँ आयोजित कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं अकादमी के कार्यकारी उपाध्यक्ष प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अकादमी के सदस्य सचिव मनजीत सिंह ने की, जबकि संस्कृत प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. चितरंजन दयाल सिंह कौशल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों ने अकादमी के उद्देश्यों, साहित्यिक गतिविधियों तथा हरियाणा की भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
यात्रा के अगले पड़ाव में दल ने पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के हिन्दी विभाग का भ्रमण किया। यहाँ विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक सभ्रवाल से विद्यार्थियों ने विभाग की शैक्षणिक व्यवस्था, शोध गतिविधियों एवं साहित्यिक कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।  इसके पश्चात दल ने दैनिक ट्रिब्यून के कार्यालय का दौरा किया। संपादक नरेश कौशल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समाचार-पत्र के संपादन, प्रकाशन, समाचार संकलन तथा पत्रकारिता की कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। इस भ्रमण से विद्यार्थियों को प्रिंट मीडिया की व्यावहारिक प्रक्रियाओं को निकट से समझने का अवसर मिला।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *