पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल के कुशल मार्गदर्शन हरियाणा पुलिस द्वारा साइबर अपराधो बारे आमजन को जागरुक करने के लिए अक्टूबर माह को साईबर जागरुकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक के आदेशानुसार अधीक्षक चंद्र मोहन के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा माह अक्टूबर में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करके आमजन को साईबर अपराधों से बचने के लिए जागरुक किया जा रहा है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिनांक 19 अक्टूबर को थाना साइबर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार की टीम ने पीपली चौंक पर आमजन को साइबर अपराध व उससे बचाव के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि जागरूक नागरिक ही स्वयं को साइबर अपराध से बचा सकता है। साइबर ठग एप्प्स और बैंकिंग सिस्टम में सेंधमारी कर साइबर अपराधी नागरिकों के साथ धोखाधड़ी कर रहे है। आम नागरिको को ठगी से बचाने के लिए भारत सरकार द्वारा नेशनल साइबर क्राइम रिर्पोटिंग पोर्टल तैयार किया है तथा हेल्प लाइन नंबर 1930 जारी किया गया है। जिस पर नागरिक साइबर क्राइम से संबंधित अपनी शिकायत दे सकते है। ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ व्यक्ति जैसे ही हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत देता है फ्रॉड की जानकारी के आधार पर जिस एकाउंट में पैसा पहुंचा होगा, साइबर क्राइम डेस्क द्वारा उस एकाउंट को फ्रीज कर दिया जाएगा और जिस एकाउंट में आपका पैसा गया है उसका मालिक उसे निकाल नही पायेगा। साथ ही आपके एकाउंट से निकले गए पूरे रुपये आपके खाते में वापस आ जायेंगे। इस पोर्टल और हेल्पलाइन पर दी गई शिकायतों पर पोर्टल अमाउंट को फ्रीज़ करवाने के बाद शिकायत को संबंधित थाने की साइबर डेस्क पर फारवर्ड कर देता है। ब्लॉक करवाई गई धनराशि को वापस पीड़ितों के खाते में भिजवाने की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
साइबर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि फ्री गिफ्ट, लॉटरी लगना, बीमा पॉलिसी, वाउचर जीतने, लोन, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने, डीलरशिप के लिए संपर्क करने, घर बैठे लाखों कमाए,केवाईसी व अन्य बैंकिंग कार्यो के लिए कॉल आये तो सावधान रहें। अगर आपके साथ किसी भी प्रकार का साइबर अपराध हो जाता है तो बिना किसी देरी के जल्द से जल्द इसकी शिकायत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
