कुरुक्षेत्र, 19 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज़ (आईआईएचएस) के गृह विज्ञान विभाग के बी.एससी. होम साइंस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने कल्याण नगर, कुरुक्षेत्र स्थित किड्ज़ी प्री-स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्री-स्कूल के बच्चों के लिए क्ले मॉडलिंग, पहेलियाँ, रंग भरना, चित्रकारी, सब्जियों से छपाई तथा अंगूठे से चित्र बनाने जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित कीं। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता, एकाग्रता और सूक्ष्म मांसपेशीय कौशल को विकसित करना था।
आईआईएचएस की गृह विज्ञान की विभागाध्यक्ष डॉ. रजनी गोयल ने बताया कि यह भ्रमण विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य उन्हें प्रारंभिक बाल्यावस्था की शिक्षा, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षण की रचनात्मक विधियों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, गृह विज्ञान विभाग के बी.एससी. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं शरीर विज्ञान विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला में भूमिका-अभिनय, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा शरीर की उचित देखभाल के महत्व के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मंजू नरवाल, अनु जोगी, डॉ. प्रियंका और डॉ. श्वेता उपस्थित रहीं तथा उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
