कुरुक्षेत्र, केएस कॉन्वेंट स्कूल का वार्षिक समारोह ‘मेलेंज 2026’ गीता ज्ञान संस्थानम् में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतनाम सिंह भट्टी मुख्य अतिथि तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के गणित विभाग की प्रोफेसर निरुपमा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय के चेयरपर्सन गुरिंदर सिंह घई ने समारोह की अध्यक्षता की।
समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद स्वागत नृत्य और प्री-नर्सरी, नर्सरी तथा केजी के नन्हे विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। विद्यार्थियों ने विविधता में एकता, प्रेरणादायक नृत्य और मोबाइल थीम पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से आधुनिक जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया। वहीं, राजस्थानी और हरियाणवी लोकनृत्यों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और लोक परंपराओं की खूबसूरती को मंच पर साकार किया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा। प्रधानाचार्या राधा गुप्ता ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विद्यार्थियों की सफलताओं तथा वर्षभर आयोजित शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सतनाम सिंह भट्टी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर निरुपमा ने भी विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रधानाचार्या राधा गुप्ता और उप-प्रधानाचार्या कंचन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह को सफल बनाने में शिक्षकों और विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
