हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि शहर में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है। पिछले करीब तीन महीनों से एलिवेटेड ट्रैक पर रेल यातायात शुरू हो चुका है। अब ट्रेनें ऊपर बने एलिवेटेड ट्रैक से गुजर रही हैं, जिससे नीचे सड़क पर वाहनों के आवागमन में भी काफी सुविधा हुई है और लंबे समय से चली आ रही यातायात संबंधी समस्या में राहत मिली है।
उन्होंने आज यहाँ बातचीत करते हुए कहा कि इसी कड़ी में थर्ड गेट के पास एलिवेटेड ट्रैक के नीचे सड़क को चौड़ा करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। पूर्व में यह सड़क लगभग 7 मीटर चौड़ी थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 मीटर से अधिक किया जा रहा है। सड़क के चौड़ीकरण से इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी तथा आमजन को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने मौके पर पहुंचकर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के सीजन को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य में और तेजी लाई जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण कार्य बेहतर गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए और इसे जल्द से जल्द पूरा करके जनता को समर्पित किया जाए।
उन्होंने कहा कि एलिवेटेड ट्रैक के शुरू होने से जहां ट्रेनों का आवागमन ऊपर से होने लगा है, वहीं नीचे सड़क को चौड़ा किए जाने से आने-जाने वाले लोगों को और अधिक सुविधा मिलेगी। यह कार्य शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र के विकास और क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, यातायात एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। विकास कार्यों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करवाने के लिए अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा की जा रही है।
