डांडिया की खनक और गरबा की धुनों से झूमी धर्मनगरी
कुरुक्षेत्र, 13 अक्टूबर। हाथों में डांडिया, रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान और गरबा की धुनों पर थिरकते कदमों ने पिपली रोड स्थित सैफ्रॉन होटल में नवरात्रि के उत्साह को जीवंत कर दिया। शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन रोटरी क्लब कुरुक्षेत्र, डिस्ट्रिक्ट 3080 की ओर से आयोजित भव्य डांडिया महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। आस्था, संगीत और भारतीय संस्कृति के रंगों से सजे आयोजन में महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
पारंपरिक भारतीय परिधानों में सज-धजकर पहुंचीं महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। संगीत की धुनों पर सामूहिक गरबा और डांडिया नृत्य ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया। डांडिया की खनक और महिलाओं की उल्लासपूर्ण भागीदारी ने महोत्सव की रौनक बढ़ाई।
इस अवसर पर रोटरी क्लब की फर्स्ट लेडी सोनिया काठपाल ने सभी महिलाओं का स्वागत करते हुए नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि माता रानी की कृपा से दूसरे नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव को महिलाएं पूरे उत्साह और धूमधाम से मना रही हैं। उन्होंने अपनी पूरी टीम की ओर से शहर के प्रत्येक परिवार के सुख, शांति और खुशहाली की कामना की तथा सभी पर माता रानी का आशीर्वाद बना रहने की प्रार्थना की।
क्लब के प्रधान लक्की काठपाल, सचिव वरुण कपूर और कोषाध्यक्ष डॉ. दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में रोटरी क्लब कुरुक्षेत्र सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कई दशकों से समाज सेवा में योगदान दे रहा क्लब ऐसे आयोजनों के माध्यम से आपसी मेलजोल बढ़ाने और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास भी कर रहा है।
महोत्सव में रोटरी असिस्टेंट गवर्नर रितु ढींगरा, रश्मि कपूर, डॉ. दीप्ति अग्रवाल सहित क्लब से जुड़ी महिलाओं की उपस्थिति रही। सभी ने एक-दूसरे को नवरात्रि की बधाई दी और उत्साह के साथ डांडिया व गरबा में हिस्सा लिया। आयोजन में आस्था और संस्कृति के साथ सामूहिक उल्लास का खूबसूरत संगम देखने को मिला।
