विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने स्वास्थ्य एवं खेल आयोजनों में की शिरकत; साइबर सुरक्षा और फिट इंडिया का दिया संदेश
घरौंडा/करनाल, 02 अक्तूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जा रही है। इसी कड़ी में आज यह यात्रा गांव चौरा पहुंची। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने बतौर मुख्य अतिथि ग्रामीणों के साथ पीएचसी में यात्रा का स्वागत किया। इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल से वीडियो के माध्यम से लोगों को अवगत करवाया जा रहा है। यह कार्यक्रम सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना है। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में लोगों को सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी भी दी जा रही है।
कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि जनसेवा और विकास ही सरकार का मूल संकल्प है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर गांव और घर तक बिजली, पक्के रास्ते और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी ने स्वयं गरीबी को देखा और महसूस किया है, यही कारण है कि वे गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और श्रमिकों, सभी में सेवा भाव होनी चाहिए है। अपने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं 400 किलोमीटर की पदयात्रा की थी, जिसके दौरान हर गांव की वास्तविक स्थिति और हालात को करीब से देखा था। उन्होंने प्रण लिया था कि मौका मिलने पर जनता के आशीर्वाद और सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्य करवाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगभग 80 से 85 नई सडक़ों का निर्माण कराया गया है। क्षेत्र में मेडिकल यूनिवर्सिटी और कॉलेज जैसी बड़ी परियोजनाओं पर काम हुआ है। हर गांव तक निर्बाध बिजली पहुंचाई गई है।
बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरियां और पारदर्शिता
उन्होंने कहा कि पारदर्शी शासन ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाई गई है और अब युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। ऐसी पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है कि पात्र लोगों को घर बैठे ही पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट करने के लिए महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर धूमधाम से मनाई जा रही हैं। ग्राम सभाओं और स्थानीय विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों में सामुदायिक केंद्र (कम्युनिटी सेंटर) तथा तालाबों का निर्माण व जीर्णोद्धार कराया गया है। हालांकि कोरोना काल के कारण विकास कार्यों में कुछ समय के लिए बाधा आई थी, लेकिन अब रुके हुए कार्यों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चौपालों और महिला चौपालों के निर्माण व सुधार का कार्य जल्द शुरू होने वाला है। साथ ही, गंदे पानी की निकासी के लिए नालों का काम मंजूर हो चुका है और कॉलोनियों में विकास कार्य शुरू कराए गए हैं। सरपंचों और स्थानीय प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सभी को निष्पक्षता से लोगों के काम करने चाहिए। सरकार जनता के पैसे का उपयोग जनता की भलाई और विकास पर ही कर रही है, यह किसी पर अहसान नहीं बल्कि जनता का अधिकार है। उन्होंने क्षेत्र के शेष बचे सभी कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
क्रिकेट टूर्नामेंट, फिट इंडिया खेल सत्र में खिलाडिय़ों का बढ़ाया उत्साह
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गांव कुटेल में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट, ‘फिट इंडिया’ खेल सत्र में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने खिलाडिय़ों का परिचय लिया और स्वयं भी पिच पर पहुंचकर शॉट लगाय।उन्होंने खिलाडिय़ों व युवाओं को प्रोत्साहित करते कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास भी करते हैं। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाने का एक अनूठा प्रयास है।
साइबर सुरक्षा जागरूकता पर विशेष बल
विधानसभा अध्यक्ष ने डिजिटल युग की चुनौतियों का जिक्र करते हुए साइबर सुरक्षा जागरूकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में इंटरनेट और स्मार्टफोन के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ा है। ऐसे अभियानों के माध्यम से युवाओं व ग्रामीणों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचने और सतर्क रहने की जानकारी मिलना अत्यंत आवश्यक है।
सुनीं जन समस्याएं, मौके पर ही अधिकारियों को दिए निर्देश
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को फोन कर समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करते हुए जनसेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, खेल, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही सेवा और विकास के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।
