एचएसआईआईडीसी के एमडी विनय प्रताप सिंह ने नारायणगढ़-अंबाला आईएमटी को लेकर नारायणगढ़ में की समीक्षा बैठक, भूमि रजिस्ट्री प्रक्रिया में तेजी लाने के दिये निर्देश
अम्बाला/नारायणगढ़, 28 सितंबर।
उपमंडल नारायणगढ़ तथा अंबाला क्षेत्र में इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) की स्थापना को लेकर सोमवार को एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। लघु सचिवालय नारायणगढ़ के कान्फ्रेस हॉल में आयोजित बैठक में एचएसआईआईडीसी के एमडी विनय प्रताप सिंह ने परियोजना से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त सचिन गुप्ता, एचएसआईआईडीसी के चीफ कोऑर्डिनेटर इंडस्ट्रीज सुनील शर्मा, एसडीएम शिवजीत भारती, एचएसआईआईडीसी के एस्टेट मैनेजर नितिन सचदेवा, एसटीपी रवीश जानी, सीनियर मैनेजर मनीष कुमार, असिस्टेंट मैनेजर सचिन तोमर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में एचएसआईआईडीसी के एमडी विनय प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को रजिस्ट्री प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
किसानों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करवाएं- विनय प्रताप सिंह
एचएसआईआईडीसी के एमडी विनय प्रताप सिंह ने कहा कि आईएमटी परियोजना नारायणगढ़ और अंबाला क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को भूमि रजिस्ट्री से संबंधित पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा अन्य औपचारिकताओं के बारे में स्पष्ट एवं विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि आईएमटी के लिए भूमि से संबंधित प्रक्रिया ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से तथा किसानों की सहमति के आधार पर पारदर्शी तरीके से की जा रही है। उन्होंने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में किसानों के हितों और उनकी सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए तथा उन्हें प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी दी जाए।
एमडी विनय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार का उद्देश्य किसानों के हितों को सुरक्षित रखते हुए औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को विकास प्रक्रिया में सहभागी बनाकर प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार करने की दिशा में कार्य कर रही है। पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में जहां भी भूमि ली गई है, वहां किसानों की सहमति को प्राथमिकता दी गई है और नारायणगढ़ तथा अंबाला में भी इसी प्रकार की पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आईएमटी परियोजना के लिए भूमि से संबंधित प्रक्रिया, रजिस्ट्री, किसानों से संपर्क तथा अन्य आवश्यक कार्यों के बारे में जरूरी दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाई जाए।
आईएमटी से क्षेत्र में रोजगार व औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा – उपायुक्त सचिन गुप्ता
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि नारायणगढ़ और अंबाला क्षेत्र में आईएमटी की स्थापना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का सृजन होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े कार्यों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी उनके साथ लगातार संपर्क में रहें और उनकी शंकाओं एवं प्रश्नों का नियमानुसार समाधान करें। उपायुक्त ने कहा कि परियोजना से संबंधित सभी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना है, उन्हें समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
