स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने को लेकर निगमायुक्त ने मार्केट एसोसिएशन प्रतिनिधियों के साथ की बैठक।
दुकानदार कचरा सडक़ पर न फेंकें, थैले या कट्टे में एकत्र करके रखें।
करनाल 27 अगस्त,
       सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा बाजारों में साफ-सफाई की स्थिति सामान्य रखने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने विभिन्न मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान बाजारों में कचरा प्रबंधन, दुकानदारों की भूमिका, कचरा एकत्रीकरण तथा हड़ताल के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पार्षद संकल्प भंडारी तथा अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार भी मौजूद रहे।
दुकानदार कचरा सडक़ पर न फेंकें, एक स्थान पर रखें।
निगमायुक्त ने मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने बाजारों के दुकानदारों को जागरूक करें कि कचरा इधर-उधर सडक़ों पर न फेंका जाए। दुकानदार कचरे को किसी कट्टे, थैले या अन्य उपयुक्त बैग में एकत्र करके रखें, ताकि उसे आसानी से उठवाया जा सके। उन्होंने कहा कि बाजारों में दुकानदारों द्वारा कचरा खुले में डालने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है और लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मार्केट एसोसिएशन अपने स्तर पर दुकानदारों को जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि बाजार में कहीं भी कचरे के ढेर न लगें।
कचरा जलाने से बचें, पर्यावरण को होता है नुकसान। 
उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर कचरे को जलाने की जानकारी सामने आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कचरे को किसी भी स्थिति में न जलाया जाए। कचरा जलाने से धुआं और प्रदूषक तत्व वातावरण में फैलते हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने मार्केट एसोसिएशन से अपील की कि वे अपने दुकानदारों को इस संबंध में विशेष रूप से जागरूक करें और बाजारों में कचरा जलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने में सहयोग करें।
मार्केट एसोसिएशन अपने स्तर पर सफाई व्यवस्था संभालें
निगमायुक्त ने कहा कि हड़ताल के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों में सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने मार्केट एसोसिएशन से कहा कि जब तक हड़ताल समाप्त नहीं होती, तब तक संबंधित बाजार की निजी रूप से जिम्मेदारी लेते हुए सफाई व्यवस्था बनाए रखें, ताकि बाजारों में गंदगी दिखाई न दे और ग्राहकों एवं दुकानदारों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी नागरिकों और व्यापारिक संगठनों की नैतिक जिम्मेदारी भी है। सामूहिक सहयोग से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा जा सकता है।
रेहड़ी आदि के माध्यम से कचरा एकत्र कर ट्रांसफर स्टेशन पहुंचाएं।
उन्होंने मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को सुझाव दिया कि बाजार एसोसिएशन अपने स्तर पर रेहड़ी या अन्य साधनों के माध्यम से कचरा एकत्र करवाकर ताऊ देवी लाल चौक स्थित ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचा सकते हैं। वहां से आगे कचरे के प्रबंधन एवं उठान की जिम्मेदारी नगर निगम की रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक बाजार एसोसिएशन अपने क्षेत्र में कचरे को एकत्र करवाने और निर्धारित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था करता है, तो हड़ताल के दौरान भी बाजारों की स्वच्छता व्यवस्था को काफी हद तक सामान्य रखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम पूरी मेहनत और कर्मठता के साथ कार्य कर रही है। विभिन्न संसाधनों का उपयोग करते हुए सभी क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कचरा उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी बाजार संगठन, दुकानदार और नागरिक नगर निगम का सहयोग करें तथा अपने-अपने स्तर पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
आगामी त्योहारों को देखते हुए विशेष सहयोग की अपील।
निगमायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न त्योहार हैं और बाजारों में भीड़ एवं गतिविधियां बढ़ेंगी। ऐसे में स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर साफ-सुथरा और स्वच्छ नजर आए, इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। नगर निगम प्रशासन अपनी ओर से पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है और जनसहयोग से स्वच्छता व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी रहेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *