कष्ट निवारण समिति की बैठक

प्रदेश सरकार का ध्येय आमजन की समस्याओं का समाधान करना: श्याम सिंह राणा
करनाल, 25 अगस्त। 
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में मंगलवार को पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक का आयोजन हुआ। मंत्री ने बैठक में 12 परिवादों में से 7 का मौके पर ही समाधान कर दिया तथा शेष 5 परिवादों की उच्च अधिकारियों को पुन: जांच सौंपी गई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का ध्येय आमजन की समस्याओं का समाधान करना है। ऐसे में अधिकारी शिकायतों की गंभीरता को समझें और उनका जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने डीआरपी एनक्लेव कॉलोनी सेक्टर-36 के एन्क्लेव रेजिडेंट्स एवं समस्त कॉलोनी वासियों की शिकायत पर डीसी व एसपी आपसी सहमति से इस मामले का फैसला करवाएं। कैथल निवासी साहिल सिंगला द्वारा गिरिराज इंडस्ट्रीज मंजूरा द्वारा वेतन न मिलने की शिकायत पर मंत्री ने न्यूनतम मजदूरी के हिसाब से प्रार्थी का वेतन दिलवाने के निर्देश दिए। गांव बस्तली निवासी मेवा सिंह व अन्य की अवैध कब्जे की शिकायत पर मंत्री ने कहा कि पंचायती जमीन पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कब्जे को हटवाया जाए।
बैठक में करनाल सेक्टर 7 निवासी विजय कुमार के प्लॉट से नगर निगम द्वारा सडक़ निकालने के मामले में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त द्वारा अतिरिक्त समय की मांग की गई जिस पर मंत्री ने अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सेक्टर 9 निवासी कर्मसिंह द्वारा सेक्टर 43 कमर्शियल, 43 ए व 43 बी इंडस्ट्रियल करनाल का प्लान लागू करने बारे सूचना जारी न करने और सेक्टर 43ए में जीटी रोड एनएच 44 से अंसल टाउनशिप तक डबल लेन सडक़ बनाए जाने की शिकायत पर मंत्री ने एडीसी को पुन: जांच करके अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नई शिकायतों में गांव निसिंग के लवप्रीत सिंह की शिकायत पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में मंंत्री ने निशानदेही कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। असंध निवासी गुरमीत सिंह की खेती की जमीन को धोखे से फर्जी रजिस्ट्री करने के मामले में तहसीलदार असंध ने बताया कि जिन लोगों ने प्रार्थी की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री बनवाई है, उन पर एफआईआर दर्ज करवा दी गई है तथा दोषी पुलिस कस्टडी में हैं। इस पर कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि रजिस्ट्री कैंसिल करने के लिए नोटिस जारी कर जरूरी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। गांव कलसौरा निवासी संजीव कुमार की जमीन से माइनिंग करने पर मुआवजा न मिलने की शिकायत पर मंत्री ने प्रार्थी को जमीन से संबंधित दस्तावेज खनन अधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा खनन अधिकारी को कहा कि प्रार्थी को वाजिब मुआवजा दिलवाया जाए। इसी प्रकार गांव भालसी निवासी सुनीता की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करवाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने जांच के निर्देश दिए।
बैठक के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान चीनी के रेट को लेकर पूछे गए सवाल पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार के पास चीनी का पर्याप्त स्टॉक है, फिर भी यदि आवश्यकता पड़ी तो चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बाहर से चीनी मंगवाई जा सकती है। चीनी के दाम नहीं बढ़ने दिए जाएंगे। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की पैरोल से जुड़े सवाल पर कृषि मंत्री ने कहा कि यह न्यायालय से संबंधित विषय है। विधानसभा सत्र को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा का सत्र 27 अगस्त से शुरू हो रहा है और उम्मीद है कि सत्र अच्छे एवं सकारात्मक माहौल में चलेगा।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात हुई थी। इस दौरान राइस मिलरों की समस्याओं एवं उनकी मांगों को केंद्रीय कृषि मंत्री के समक्ष रखा गया। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि हर कर्मचारी को अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। कार्य करके अपनी बात कहनी चाहिए। स्वच्छ भारत की जिम्मेदारी सभी की है। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। पंजाब में आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि इस बार पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि आसपास के जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां विकास कार्यों को गति मिली है। पंजाब में भी पार्टी पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर इंद्री के विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, असंध विधायक योगेंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, मेयर रेनू बाला गुप्ता, हरियाणा पशुधन बोर्ड के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक सिरसी, पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी तथा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, एसपी नरेंद्र बिजराणिया, एडीसी डॉ. राहुल रईया, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कष्ट निवारण समिति के मनोनीत सदस्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *