डीसी ने अधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा की, दिए आवश्यक निर्देश
करनाल, 19 अगस्त। उपायुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने जिला में लाइब्रेरी, शिवधाम, गांव की फिरनी, सचिवालय, व्यामशाला को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी महत्वपूर्ण कार्यो को पूरा करने में तेजी लाए तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
डीसी ने बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में उक्त परियोजनाएं को लेकर अधिकारियों के साथ कार्यो की समीक्षा की और कहा कि सभी परियोजनाएं आमजन व युवाओं की सुविधाओं से संबंधी है, इन्हें प्राथमिकता दे। कहीं पर भी ढिलाई न बरतें। उन्होंने बीडीपीओ को निर्देश दिए कि वे फील्ड विजिट करे और कार्यो की प्रगति पर जायजा ले। जहां पर अब तक कार्य शुरू नही हुए है और जहां पर जगह उपलब्ध नही है, ऐसे ग्राम पंचायतों को मोटिवेट करें ताकि उनके गांवों में भी उक्त कार्य को करवाया जा सके। इन कार्यो को पूरा करवाने के लिए प्रशासन का पूरा सहयोग रहेगा। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्कूलों में बच्चों के लिए नए बेंच की आवश्यकता है और ऐसे पुराने बेंच जो मरम्मत के योग्य है, उन सभी की सूची स्कूल वाईज बनाकर जल्द से जल्द उपलब्ध करवाएं।
समीक्षा बैठक में पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता प्रदीप धीमान ने बताया कि जिला के 395 ग्राम पंचायतों में से 128 में लाइब्रेरी स्थापित हो चुकी है, 110 में कार्य प्रगति पर है, जोकि आगामी 3 माह में पूरे हो जाएगा और 99 में अनुमानित लागत की स्वीकृति के लिए भेजे गए है तथा 58 ग्राम पंचायतों में जगह उपलब्ध नही है। इसके लिए ग्राम पंचायतों को मोटिवेट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला में 306 ग्राम पंचायतों में शिवधाम बनाए जा चुके है, 40 में कार्य प्रगति पर है और 34 के अनुमानित लागत स्वीकृति के लिए भेजे गए है तथा 15 में आवश्यकता नही है।
उन्होंने बताया कि जिला के कुल 395 ग्राम पंचायतों में 350 फिरनी पक्का करने का कार्य पूरा हो चुका है, 19 प्रगति पर है, 13 के अनुमानित लागत को स्वीकृति के लिए भेजा गया है और शेष 13 में भी जल्द कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इसी प्रकार से प्रथम चरण के अंतर्गत 40 पंचायतों में से 24 ग्राम पंचायतों में सचिवालय बन चुके है, 12 में कार्य प्रगति पर है, एक का अनुमानित लागत स्वीकृति के लिए भेजा गया है और शेष 3 में जगह उपलब्ध नही है, इस बारें संबंधित ग्राम पंचायत विभाग के अधिकारियों द्वारा मोटिवेट किया जा रहा है। उन्होंने व्यायामशाला की स्थापना को लेकर बताया कि 40 में से 4 में व्यायामशाला की स्थापना हो चुकी है, 5 में कार्य प्रगति पर है और 5 की अनुमानित लागत स्वीकृति के लिए भेजी गई है तथा 26 में नजदीक जगह उपलब्ध नही है, इसको लेकर संबंधित ग्राम पंचायत को गांव के नजदीक जगह उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास जारी है।
बैठक में एडीसी डा. राहुल रईया, जिला परिषद के सीईओ अमित कुमार, डीडीपीओ कंचन लता, शिक्षा विभाग से जिला परियोजना अधिकारी धर्मपाल, खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी व पंचायती राज के एसडीओ मौजूद रहे।
