कुरुक्षेत्र 18 अगस्त प्राचार्य जगमोहन ने कहा कि कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा ने सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया की घोषणा की है। इस प्रक्रिया के तहत रिक्त सीटों को भरने के लिए नए ऑनलाइन आवेदन पत्र विभाग की आधिकारिक वेबसाइट एडमिशन.आईटीआईहरियाणा.जीओवी.इन पर आमंत्रित किए जा रहे है।
प्राचार्य जगमोहन ने कहा कि यह दाखिला नए एवं पुराने दोनों आवेदनों की संयुक्त मेरिट के आधार पर सीधे संस्थान स्तर पर किया जाएगा, जिसमें किसी भी प्रकार का कोई आरक्षण लागू नहीं होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रतिदिन दोपहर 12 बजे तक अपने संबंधित संस्थान में जाकर अपना मेरिट कार्ड जमा कराना होगा। दाखिला पोर्टल से आसानी से डाउनलोड किए जा सकने वाले इस मेरिट कार्ड के साथ आवेदकों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य होगा, ताकि मौके पर ही ऑनलाइन दाखिला फीस जमा की जा सके। इसके अलावा अभ्यर्थी संस्थावार रिक्त सीटों की जानकारी भी पोर्टल पर देख सकते हैं। विभाग के अनुसार सत्र 2026-27 की दाखिला विवरण पत्रिका में वर्णित अन्य सभी नियम एवं शर्तें यथावत लागू रहेंगी।
