पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के दिशा-निर्देशानुसार कुरुक्षेत्र पुलिस एक ओर जहां नशा तस्करों और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। दिनांक 18 अगस्त को पुलिस टीमों ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 18 अगस्त 26 को जिला पुलिस की नशामुक्त टीम ने लाडवा एरिया के गांव दबदलान, खरकाली, दबखेडा तथा राजकीय स्कूल मेहरा में पहुंची। जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीम ने छात्रों, ग्रामीणों, युवाओं और आमजन से बातचीत कर नशे के कारण होने वाले सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को प्रभावित करती है। नशे की गिरफ्त में आने के बाद युवा अपनी पढ़ाई, रोजगार और भविष्य से दूर हो सकते हैं। इसलिए समय रहते युवाओं को सही दिशा देना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। पुलिस टीम ने विशेष रूप से युवाओं को खेलों और पढ़ाई से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं। इसी प्रकार शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवा अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने गांव और आसपास के क्षेत्र में नशे की गतिविधियों पर नजर रखें। यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री करता है, युवाओं को नशे की ओर ले जाने का प्रयास करता है या नशे का अवैध कारोबार करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस टीम ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें परिवार, समाज, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आमजन की भागीदारी बेहद आवश्यक है। अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे बच्चों और युवाओं के साथ संवाद बनाए रखें तथा उनकी गतिविधियों पर सकारात्मक नजर रखें
