करनाल, 14 अगस्त। लोगों में देश भक्ति की भावना को जगाने के लिए हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज घरौंडा में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसमें युवाओं, महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। यात्रा घरौंडा के पुराना बस अड्डा से आरंभ होकर सेन चौक, रेलवे रोड होती हुई अनाज मंडी में संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लिए यात्रा में शामिल लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए।
बरसत मंडल में कलहेड़ी, घरौंडा मंडल में फाटक पार अंबेडकर चौक, मधुबन मंडल में पक्का पुल और मोहिदीनपुर मंडल में नगला चौक से शुरू होकर चार अलग-अलग तिरंगा यात्राएं करीब दस बजे घरौंडा के पुराना बस अड्डा के पास पहुंची। इनमें मोटर साइकिलों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज के अन्य वर्गों के लोग हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे। उन्होंने देशभक्ति के तरानों के बीच ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम’ के नारे लगाए।

घरौंडा में तिरंगा यात्रा के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सबसे पहले पार्क में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तदुपरांत श्री कल्याण ने पुराना बस अड्डा पर यात्रा में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं व बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि स्वतंत्रता का जश्न मनाने के लिए आज पूरा समाज यहां एकत्र हुआ है। अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद भारत 15 अगस्त को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ। गुलामी के लंबे कालखंड में भारत की महान संस्कृति और भाईचारे को भी चोट पहुंचाई गई। समाज की एकजुटता को तोड़ने के लिए अंग्रेजों ने फूट डालो और राज करो की नीति अपनाई। देश की संपत्ति को दोनों हाथों से लूटा गया।

उन्होंने कहा कि आज भारत विकास के मामले में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। हमें उन सभी महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद रखना है जिनके बलिदानों की बदौलत देश को आजादी मिली। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्र भक्ति के भाव व राष्ट्र प्रेम को मजबूत करना है। खुद की तरक्की के साथ-साथ देश की प्रगति का भाव सभी में होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जोश के साथ होश रखते हुए लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें। अनुशासन का परिचय देते हुए संयम भी रखें। सभी को साथ लेकर आगे बढ़ें।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही है। सरकार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। मातृ शक्ति आगे बढ़े, इसके लिए सभी को समाज में सुरक्षित, सम्मानजनक और भय रहित माहौल बनाना होगा। श्री कल्याण ने यात्रा में शामिल लोगों से अपील की कि यात्रा की समाप्ति के बाद तिरंगे को घरों की छत पर सम्मानजनक तरीके से फहराएं।

इसके बाद तिरंगा यात्रा सेन चौक, रेलवे रोड होती हुई अनाज मंडी में संपन्न हुई। रास्ते में लोगों ने कई जगह यात्रा का जोरदार स्वागत किया और उस पर फूल भी बरसाए। यात्रा में शामिल युवाओं, महिलाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। इसमें ज्ञानपुरा कॉलेज व राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के एनसीसी कैडेट ने भी भाग लिया। अनाज मंडी में बाकायदा प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।

यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, जिला भाजपा महासचिव सुभाष कश्यप, मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, निशांत राणा, संजय खैंची, मंजू खैंची आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *