कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान के तीन विद्यार्थियों का आयुष मंत्रालय के केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) द्वारा संचालित ‘स्टूडेंटशिप
प्रोग्राम फॉर आयुर्वेद रिसर्च केन’ (स्पार्क-4.0) के तहत चयन हुआ है। इस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को दो माह के लिए 50 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी,जिससे वे अपने शोध कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कर सकें।
विद्यार्थियों के चयन पर कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान, कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत गुप्ता तथा संस्थान के प्राचार्य प्रो. आशीष मेहता ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
प्राचार्य प्रो.आशीष मेहता ने बताया कि स्पार्क कार्यक्रम के लिए चयनित विद्यार्थी हेमंत उनके मार्गदर्शन में कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त विशाल चतुर्वेदी के मार्गदर्शक प्रो. अमित कटारिया तथा रितिक की मार्गदर्शक डॉ. लसीथा हैं। उन्होंने बताया कि पोल्ट्री मुर्गियों पर मेध्य रसायन का प्रभाव, विटिलिगो और मेडिकल एस्ट्रोलॉजी तथा “अमर चित्र कथा जैसी चित्र पुस्तकों के माध्यम से नवाचारी शिक्षण पद्धति विद्यार्थियों के शोध विषय हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य आयुर्वेद के स्नातक विद्यार्थियों में शोध की प्रवृत्ति और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करना है। सीसीआरएएस स्पार्क-4.0 कार्यक्रम (2025–26 बैच) के अंतर्गत देशभर के एनसीआईएसएम से मान्यता प्राप्त संस्थानों के 300 बीएएमएस विद्यार्थियों का चयन अल्पकालिक शोध परियोजनाओं के लिए किया गया है।
