कुरुक्षेत्र: 13 अगस्त:
अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ (प्रलेस) हरियाणा राज्य इकाई का राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन 30 अगस्त को पेहोवा रोड़ स्थित यादव धर्मशाला, कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। इस बारे जानकारी देते हुए आयोजन समिति के सदस्यों डा. गुरदेव सिंह देव व डॉ. करनैल चंद ने बताया कि इस अवसर पर ‘हरियाणा की बहुलवादी सांस्कृतिक विरासत एवं राष्ट्रीय चेतना’ विषय पर आयोजित विमर्श के संबंध में प्रबुद्ध चिंतक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अशोक गर्ग मुख्य वक्ता के तौर पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। इस सम्मेलन में प्रलेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सुखदेव सिंह सिरसा मुख्य अतिथि व प्रलेस पंजाब इकाई के महासचिव डॉ. कुलदीप सिंह दीप विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के सफ़ल आयोजन हेतु प्रलेस हरियाणा राज्य इकाई की अध्यक्ष डॉ. पाल कौर, महासचिव डॉ. हरविंदर सिंह सिरसा सहित प्रलेस की समस्त राज्य कार्यकारिणी द्वारा प्रदेश भर में संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस सम्मेलन में बिरादराना संगठनों के प्रतिनिधियों सहित प्रदेश भर से प्रलेस के सदस्य विशाल संख्या में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज़ करवाएंगे। सम्मेलन के दौरान मुल्क़ के कलमकारों, कलाकारों, पत्रकारों, जन-बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्रों, युवाओं एवं मुल्क़ के आवाम के समक्ष चुनौतियों व मौज़ूदा वैश्विक परिदृश्य के संबंध में विस्तृत चर्चा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि सम्मेलन के दौरान आगामी तीन वर्षों के लिए नई राज्य कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा।
