करनाल, 12 अगस्त।  बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आज अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस उत्साह एवं प्रेरणादायक वातावरण में मनाया गया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की थीम ‘अलग-अलग परिस्थितियां, समान आकांक्षाएं’ रही, जो युवाओं की विविध परिस्थितियों के बावजूद उनके साझा सपनों और आकांक्षाओं को दर्शाती है।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रधानाचार्य राकेश भाटिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कौशल, ज्ञान और सकारात्मक सोच को विकसित करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि आज के युवा ही देश के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और बदलती तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखने का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्थान के एनसीसी अधिकारी एवं अनुदेशक मलखान सिंह ने युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मारुति सुजुकी कंपनी द्वारा संस्थान में स्थापित एडवांस्ड लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक ऑटोमोबाइल तकनीक से परिचित कराने के लिए कंपनी के वरिष्ठ प्रशिक्षकों को संस्थान में भेजा गया। मारुति सुजुकी के सीनियर ट्रेनर के.के. घई व सुभाष ठाकुर इस अवसर पर मौजूद रहे। उनके द्वारा विद्यार्थियों को एडवांस्ड लैब में तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं ऑटोमोबाइल क्षेत्र में उपयोग होने वाली उन्नत तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रधानाचार्य राकेश भाटिया ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक प्रशिक्षण से विद्यार्थियों के कौशल, ज्ञान एवं रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी और उन्हें भविष्य में बेहतर रोजगार एवं करियर के अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने मारुति सुजुकी कंपनी द्वारा विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में कौशल, ज्ञान, अवसर, भागीदारी एवं सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर सीखने एवं कौशल विकास का संकल्प लिया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *