करनाल, 12 अगस्त। पंडित चिरंजी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के अन्तर्गत राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में महाविद्यालय प्राचार्या डॉ रेखा त्यागी की अध्यक्षता में प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने शपथ ली। गौरतलब है कि भारत सरकार एवं जिला प्रशासन, करनाल के आदेशानुसार सभी शिक्षण संस्थाओं में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इसी शृंखला के अंतर्गत आज सभी प्राध्यापकों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेने के लिए प्रेरित किया गया। प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने अपने देश के राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेकर सम्मानित महसूस किया। इसके उपरांत सभी प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने अपने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र सेवा की शपथ ली। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ0 रेखा त्यागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी को अपने देश के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना चाहिए और महापुरुषों के बताए हुए मार्ग पर चलते हुए अपना और देश का सम्मान बढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम प्रभारी डॉ0 राजेश रांझा ने कार्यक्रमों की रूपरेखा और उद्देश्य से विद्यार्थियों को अवगत करवाया। इस अवसर पर डॉ कँवर भान, डॉ0 सरिता आर्य, डॉ0 मोना बत्तरा, डॉ0 निधि शर्मा, डॉ विजय कुमार, डॉ सुरेश दुग्गल, डॉ मनमीत आदि सदस्य उपस्थित रहे।
