कुरुक्षेत्र 10 अगस्त जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देश में कुरुक्षेत्र जिले में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर आयुष मंदिरों में पौधारोपण एवं पौधा वितरण किया गया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के प्रयास में डॉ. रीना द्वारा उमरी में, डॉ. तन्वी द्वारा लुखी में, डॉ. मीना द्वारा दबखेड़ा में, डॉ. संतोष द्वारा कलाल माजरा में और आयुष विंग सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र में पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र के कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. रमेश सभरवाल, आयुष विंग और एनसीडी विभाग की टीम शामिल रही। साथ ही एलएनजेपी अस्पताल में योग संजीवनी कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं योग शिविर का आयोजन किया गया। आयुष विंग में मरीजों को विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास करवाया गया। इस दौरान प्राणायाम के सही तरीके, श्वसन प्रक्रिया और नियमित अभ्यास से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि सरकारी मिडिल स्कूल कलाल माजरा में डॉ. संतोष द्वारा विद्यार्थियों का स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। फार्मासिस्ट धर्मबीर ने दवाओं का वितरण किया, और राय सिंह और अनु के द्वारा बच्चों को योग और जीवनशैली पर व्याख्यान दिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री दुख भंजन मंदिर में कावडिय़ों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. पिंकी एवं अन्य स्टाफ द्वारा शिविर में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच की गई और निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए जिले भर में निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ पौधारोपण किया जा रहा है, ताकि हरित पर्यावरण के साथ-साथ स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके। जिले में हर घर तिरंगा अभियान भी शुरू हो गया है। अभियान के तहत कुरुक्षेत्र में कलाल माजरा व दबखेड़ा में ध्वजारोहण और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
