कुरुक्षेत्र 6 अगस्त हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि 4 व 5 जुलाई, 2026 को आयोजित करवाई गई हरियाणा अध्यापक पात्रता (एचटेट) परीक्षा-2025 का परीक्षा परिणाम शीघ्र ही घोषित किया जा रहा है। परीक्षा परिणाम घोषित होने से पूर्व अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन होनी अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए प्रदेश के 22 जिलों में 10 से 12 अगस्त 2026 तक बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करवाने हेतु केन्द्र स्थापित किए गए है।
सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि अन्य राज्यों से संबंधित अभ्यर्थी अपने साथ लगते जिला मुख्यालय पर पहुंचकर अपनी बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते है। विशेष परिस्थितियों में अभ्यर्थी 22 जिलों में स्थापित केंद्रों में से किसी भी केन्द्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूर्ण कर सकता है। अभ्यर्थी द्वारा अपना मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) एवं मूल फोटो युक्त पहचान पत्र लेकर जाना अनिवार्य है। प्रदेश के 22 जिलों में जहां वेरिफिकेशन होनी है, उन विद्यालयों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट बीएसईएच.ओआरजी.इन पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन के समय दिए गए पंजीकृत मोबाइल नंबर/ई-मेल पर भी इस आशय का संदेश भेजा जा रहा है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक से पंजीकरण संख्या व जन्मतिथि से अपनी बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन की स्थिति जांच सकते है। जो अभ्यर्थी 10 से 12 अगस्त 2026 तक अपनी बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण नहीं करते है, उनका परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।
