करनाल, 6 अगस्त। उपमंडल अधिकारी(नागरिक) देवेंद्र शर्मा ने जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिस भी कार्यालय में जगह की कमी है, उस बारे में विस्तृत रिपोर्ट नगराधीश को प्रेषित करें।
श्री शर्मा ने आज जिला सचिवालय सभागार में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर कई विभागों के अधिकारियों ने कहा कि उनके यहां जगह की कमी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टाफ अधिक है और स्थान कम उपलब्ध है। कई अधिकारियों ने कार्यालय भवन खस्ताहाल में होने और कई ने किराया लीज खत्म होने की बात रखी। इस पर श्री शर्मा ने कहा कि जिस भी विभाग को जितना स्थान चाहिए उस बारे में विस्तृत रिपोर्ट जल्द सीटीएम कार्यालय को भिजवाएं ताकि इस दिशा में उचित कदम उठाए जा सकें। इस मौके पर सीटीएम सुरेश कुमार भी मौजूद रहे। सीटीएम ने इस मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्यालय परिसर में किए गए पौधारोपण के बारे में जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि अभी तक अधिकांश विभागों से यह रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
