कुरुक्षेत्र, 4 अगस्त। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जनगणना-2027 का दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा। इसे देखते हुए सभी विभाग अभी से अपनी तैयारियां शुरू करें ताकि प्रत्येक कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना का दूसरा चरण तकनीकी दृष्टि से अधिक महत्वपूर्ण होगा। इसमें अनेक प्रकार की जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। इसलिए अभी से प्रगणकों के लिए 3 से 4 घंटे का ऑनलाइन फाउंडेशन कोर्स शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रगणक को लगभग 150 मकानों अथवा 700 व्यक्तियों तक का कार्यभार ही सौंपा जाएगा। इसलिए आरडब्ल्यूए और सोसायटी प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित करें और उन्हें स्पष्ट करें कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है तथा इसमें सहयोग करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के लिए उपलब्ध कराए गए बजट का नियमानुसार एवं समयबद्ध उपयोग किया जाए। आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाए।
