कुरुक्षेत्र, 30 जुलाई 2026 – देश के युवाओं के दिलों में राष्ट्रप्रेम की भावना को जाग्रत कर उन्हें भारतीय सेनाओं में उच्च पदों पर आसीन करने के लिए विख्यात गुरुकुल कुरुक्षेत्र सफलता की नई इबारत लिख रहा है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जुलाई माह में गुरुकुल के सात छात्रों ने एनडीए एसएसबी इन्टरव्यू में सफल होकर न केवल गुरुकुल की ख्याति को बढ़ाया है बल्कि गुरुकुल कुरुक्षेत्र की मैनेजमेंट की दूरदर्शी सोच और यहां के समर्पित अध्यापकवृन्द की कार्यकुशलता को भी प्रतिबिंबित किया है।
गौरलतब है कि इसी वर्ष जनवरी में गुरुकुल कुरुक्षेत्र के 10 छात्रों ने एसएसबी क्वालिफाई कर सेना में ‘बड़े अधिकारी’ बनने का सपना पूरा किया था और अब 7 अन्य छात्र एसएसबी रेकेमंड हुए हैं। गुरुकुल के संरक्षक एवं गुजरात के माननीय राज्यपालश्री आचार्य देवव्रत जी ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर गुरुकुल प्रधान राजकुमार गर्ग, निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार, प्राचार्य सूबे प्रताप, व्यवस्थापक रामनिवास सहित अन्य फैकल्टी सदस्यों को शुभकामनाएं प्रेषित की है।
ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि गुरुकुल के छात्र तुषार चैधरी, नवदीप कुण्डू, शुभम्, वरूण कुमार, विनायक गौड़, भावेश मान और अर्पित कुमार ने एनडीए हेतु लिये जा रहे एसएसबी साक्षात्कार को उत्तीर्ण कर संस्था का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर यह गुरुकुल के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस सफलता का श्रेय आचार्यश्री के ओजस्वी मार्गदर्शन, निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार की कार्यकुशलता, इंस्ट्रक्टर बलवान सिंह, अशोक चौहान, सभी अध्यापकों व छात्रों की कठिन मेहनत को जाता हैं। गुरुकुल में छात्रों के सर्वांगीण विकास पर फोकस होता है जिसके लिए निदेशक महोदय के निर्देशन में एक-एक अध्यापक व संरक्षक पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्त्तव्य का निर्वहन करता है, जो गुरुकुल के छात्रों की सफलता का मूलमंत्र साबित हो रहा है।
