कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर प्रेरणा समिति हरियाणा के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, हरियाली और जैव विविधता का संरक्षण मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। डॉ. वर्मा ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन साइकिल का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने प्राय: निजी जीवन में कार और दोपहिया वाहन का प्रयोग लगभग पूरी तरह छोड़कर साइकिल को ही अपना मुख्य परिवहन साधन बनाया है। उनकी यह पहल ईंधन की बचत, वायु प्रदूषण में कमी और बेहतर स्वास्थ्य का प्रेरणादायक उदाहरण बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रेरणा समिति हरियाणा नियमित रूप से साइकिल यात्राओं, पौधारोपण अभियानों और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में एक पौधा लगाए, उसकी देखभाल करे और छोटी-छोटी पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। वे राज्य स्तर पर हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित साइक्लाथोन यात्रा में दो बार अग्रिम पंक्ति में भाग ले चुके हैं। हरियाणा भर में सरकारी और निजी कार्य लगभग साइकिल से कर रहे हैं।
