कुरुक्षेत्र 27 जुलाई जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में डीएलएसए द्वारा 29 जुलाई 2026 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मथाना में मेगा सर्विस कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस मेगा कैंप में आमजन की समस्याओं का समाधान करने एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाई जाएंगी।
सीजेएम नीकिता भारद्वाज ने कहा कि कैंप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला एवं समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बागवानी विभाग, यूएचबीवीएन विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी, ट्रैफिक पुलिस, एलडीएम पीएनबी, खादी ग्रामोद्योग, दीवाल ग्रामोद्योग, सर्व समाज कल्याण सेवा समिति, उमंग एनजीओ, एमडीडी एनजीओ तथा जिला रेवेन्यू विभाग(मयुटेशन संबंधित कार्य ) सहित अन्य विभागों द्वारा भाग लिया जाएगा। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी तथा उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों द्वारा उनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि 29 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक लगने वाले इस मेगा सर्विस कैंप में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाएं।
