करनाल 23 जुलाई, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने गुरुवार को शहर के वार्ड नम्बर 3 एवं 4 का व्यापक दौरा कर विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, सीवरेज एवं स्टॉर्म वाटर निकासी प्रणाली, कचरा एकत्रीकरण तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान वार्ड नम्बर 3 के पार्षद परमजीत लाठर, वार्ड नम्बर 4 के पार्षद भूपेन्द्र नोतना, कार्यकारी अभियंता प्रदीप कल्याण, सहायक अभियंता मंजीत राठी, स्वच्छता अधिकारी महावीर सोढी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा सहित इंजीनियरिंग एवं सेनीटेशन विंग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
वार्ड 3 एवं 4 के विभिन्न क्षेत्रों का किया विस्तृत निरीक्षण।
निगमायुक्त ने वार्ड नम्बर 3 के अंतर्गत एस.पी. कॉलोनी, संधू कॉलोनी, गांव फूसगढ़ तथा उत्तम नगर का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद वार्ड नम्बर 4 में कर्ण विहार, भगत सिंह कॉलोनी, पृथ्वी विहार, एम.सी. कॉलोनी, विकास कॉलोनी एवं निर्मल विहार क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय पार्षदों एवं नागरिकों से क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
वार्ड 3 में 16 तथा वार्ड 4 में 8 विकास कार्यों पर चल रहा कार्य।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने बताया कि वार्ड नम्बर 3 में कुल 16 विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं। इनमें से 3 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 7 कार्य प्रगति पर हैं तथा शेष 6 कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिए जाएंगे। इन सभी कार्यों पर लगभग 4 करोड़ 22 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वार्ड नम्बर 4 में 8 विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं, जिनमें से 6 कार्य प्रगति पर हैं तथा शेष 2 कार्य भी जल्द शुरू करवा दिए जाएंगे, ताकि वार्ड के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इन कार्यों पर करीब 2 करोड़ 67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई।
एस.पी. कॉलोनी को जाने वाली नव-निर्मित मुख्य सडक़ का निरीक्षण किया गया। पार्षद व स्थानीय नागरिकों ने कार्य पर संतुष्टिï जाहिर की गई। इसके बाद संधू कॉलोनी की सडक़ का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त को बताया गया कि आपसी विवाद के कारण कुछ समय से निर्माण कार्य बाधित है। इस पर निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गली निर्माण कार्य निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। किसी भी व्यक्ति को सरकारी विकास कार्यों में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई सरकारी कार्य में अवरोध उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फूसगढ़ क्षेत्र की सडक़ व जल निकासी व्यवस्था सुधारने के निर्देश।
गांव फूसगढ़ को जाने वाली मुख्य सडक़ के निरीक्षण के दौरान पार्षद द्वारा सडक़ के पुनर्निर्माण एवं बरसाती पानी की समुचित निकासी की मांग रखी गई। निगमायुक्त ने कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि सडक़ का विस्तृत तकनीकी सर्वे कर शीघ्र अनुमान तैयार किया जाए तथा बरसाती पानी की स्थायी निकासी की योजना बनाकर अनुमान प्रस्तुत किया जाए। इसके बाद उन्होंने गांव फूसगढ़ के श्मशान घाट, छठ पूजा घाट, पाल चौपाल, पुस्तकालय तथा उत्तम नगर स्थित सामुदायिक केंद्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाने के निर्देश दिए।
कर्ण विहार प्रवेश द्वार का कार्य एक माह में पूरा करने के निर्देश।
वार्ड नम्बर 4 के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कर्ण विहार में निर्माणाधीन गलियों एवं प्रवेश द्वार के कार्य का निरीक्षण किया। एजेंसी प्रतिनिधि को निर्देश दिए गए कि कर्ण विहार प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य आगामी एक माह के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
रिवेन्यू रास्ते को पक्का करने एवं क्षतिग्रस्त सडक़ों के सुदृढ़ीकरण पर होगा कार्य।
भगत सिंह कॉलोनी के निकट बाला जी मंदिर को जाने वाले रिवेन्यू रास्ते को पक्का करने की मांग पर निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। कर्ण विहार के मुख्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त तारकोल सडक़ के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सडक़ के सुदृढ़ीकरण का अनुमान तैयार कर कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध हो सके।
उबड़-खाबड़ गलियों की फिजिबिलिटी जांच कर कराएं मरम्मत।
पार्षद द्वारा कर्ण विहार, पृथ्वी विहार एवं एम.सी. कॉलोनी की क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत की मांग पर निगमायुक्त ने कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि सभी गलियों का संयुक्त निरीक्षण कर तकनीकी व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराया जाए।
जनसुविधाओं में सुधार नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता- सलोनी शर्मा।
निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में बेहतर सडक़ें, प्रभावी जल निकासी, स्वच्छ वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही, कार्य में अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा प्रत्येक वार्ड के विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
