करनाल, 23 जुलाई : करनाल मानव सेवा संघ के प्रांगण में शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। जानकारी देते हुए मानव सेवा संघ के उप प्रधान डॉ. भगत राम खण्डवाल एडवोकेट ने बताया कि आजादी की लड़ाई में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का बहुत बड़ा योगदान रहा है। अंग्रेजी हुकूमत से मुल्क को आजाद कराने में उन्होंने अपने प्राणों की आहुति तक दे दी। 23 जुलाई 1906 को चंद्रशेखर आजाद का जन्म मध्य प्रदेश के भावरा गांव में हुआ था। उनके माता पिता यूपी के उन्नाव जिले के रहने वाले थे। आजाद के पिता का नाम सीताराम तिवारी और माता का नाम जगरानी देवी था। आजाद संगम नगरी प्रयागराज के तत्कालीन अल्फ्रेड पार्क में अंग्रेजों से लोहा लेने के दौरान शहीद हो गए थे। 23 जुलाई के दिन प्रयागराज में शहीद चंद्रशेखर आजाद का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाता है। इसी कड़ी में आज करनाल मानव सेवा संघ के पदाधिकारियों द्वारा शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित होकर उन्हें नमन कर याद किया गया। इस अवसर पर डॉ. भगत राम खण्डवाल एडवोकेट, रामकुमार सिंह, मैनेजर राजेन्द्र सिंह, रामकुमार, हर्ष तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
