करनाल के सैक्टर-8, सैक्टर-9 के अलावा अटल पार्क समेत कई जगह मानव उत्थान सेवा समिति ने रोपित किए पौधे
करनाल, 22 जुलाई। अध्यात्मिक गुरू श्री सतपाल जी महाराज के पावन सानिध्य में मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा करनाल के सैक्टर-8, सैक्टर-9 के अलावा अटल पार्क समेत कई जगह पर पौधे रोपित किए गए। समिति के सभी सदस्यों ने मिलकर करनाल में अलग-अलग जगहों पर करीब 251 पौधे लगाकर उनकी सुरक्षा करने का भी जिम्मा उठाया। इस दौरान महात्मा अंतरमुखी बाई जी व सुभद्रा बाई जी के सानिध्य में समिति के सदस्यों व स्थानीय नागरिकों ने मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया। इस पौधारोपण अभियान में मानव उत्थान सेवा समिति के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, रामसिंह दुआ, डा. रामलाल, मुकेश गुप्ता, अरमान गुप्ता, राजेंद्र फौजी समेत कई गणमान्य लोगों ने सहयोग दिया। महात्मा अंतरमुखी बाई जी एवं सुभद्रा बाई जी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। इस अवसर पर मानव उत्थान सेवा समिति के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने बताया कि अध्यात्मिक गुरू श्री सतपाल जी महाराज के पावन सानिध्य में यह अभियान न सिर्फ करनाल बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश में चलाया जा रहा है। उनका लक्ष्य है कि अधिक पौधे लगाए जाएं और हरियाली को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि पौधे न सिर्फ प्रकृति की शोभा हैं, बल्कि हमारे जीवन का आधार भी हैं, इनके बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि अगर हम आज पौधा लगाएँगे, तभी आने वाली पीढ़ी सांस ले पाएगी, हर पौधा भविष्य में सांसों का सहारा है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने यह भी संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। मानव उत्थान सेवा समिति ने सभी नागरिकों से अपील भी की है कि वे भी इस अभियान में जुड़कर प्रकृति की सेवा में योगदान दें।
फोटो कैप्शन : पार्क में पौधे रोपित करते मानव उत्थान सेवा समिति के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता एवं अन्य।
