नीलोखेड़ी/करनाल, 20 जुलाई। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से सम्बद्ध विस्तार शिक्षा संस्थान नीलोखेड़ी द्वारा प्रोफेसर बी. आर. काम्बोज, कुलपति, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन तथा डा. नरेश कौशिक, निदेशक (विस्तार शिक्षा) के दिशा निर्देशन में जनसंचार कौशल द्वारा प्रभावी प्रसार विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 14 से 18 जुलाई तक किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हरियाणा, पंजाब, बिहार एवं झारखंड के कृषि एवं बागवानी विभाग के विस्तार अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रभावी संचार के लिए रंगों का उपयोग, वीडियो प्रोडक्शन एवं वीडियो एडिटिंग, संचार कौशल, कृषि में जीआइएस एवं जीपीएस का उपयोग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कंटेंट निर्माण, सूचना सत्यापन एवं फैक्ट-चेकिंग, सामुदायिक रेडियो एवं ऑडियो पॉडकास्ट, कृषि प्रसार में डिजिटल एवं जनसंचार माध्यमों की भूमिका, समाचार, लेख एवं कॉलम लेखन तथा समय प्रबंधन जैसे समसामयिक एवं व्यावहारिक विषयों पर विस्तार शिक्षा संस्थान के विशेषज्ञों के अतिरिक्त चितकारा विश्वविद्यालय, पंजाब, आईसीएआर-भारतीय गेहूँ एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल, हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा विशेष व्याख्यान दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान का भ्रमण भी कराया गया, जहाँ उन्होंने टेलीविजन स्टूडियो की कार्यप्रणाली व अन्य व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्थान के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. विजयपाल सिंह यादव ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में कृषि प्रसार प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जनसंचार माध्यमों के समुचित उपयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विस्तार अधिकारी किसानों तक वैज्ञानिक, विश्वसनीय एवं समयबद्ध कृषि सलाह पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि वे वीडियो, सोशल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों तथा अन्य आधुनिक संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करें, तो कृषि व संबंधित तकनीकों एवं किसान कल्याणकारी सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार अधिक व्यापक एवं प्रभावी ढंग से कर सकते हैं।
डा. यादव ने यह भी बताया कि विस्तार शिक्षा संस्थान, नीलोखेड़ी प्रोफेसर बी. आर. काम्बोज, कुलपति, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तर भारत के राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के कृषि, उद्यान, पशु-पालन, मत्स्य पालन, वानिकी इत्यादि विभागों के विस्तार अधिकारियों को प्रशिक्षण देने का कार्य कर रहा है।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस प्रशिक्षण के आयोजन में प्रशिक्षण समन्वयक डॉ अजय कुमार, डा. सत्यकाम मलिक, डा. एस आर वर्मा, डा. जसविंद्र कौर, डा. अनिल कुमार रोहिला के अलावा मदनपाल,  वनीत व अंकित कुमार का भी योगदान रहा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *