करनाल, 20 जुलाई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के 22 व 23 जुलाई के करनाल दौरे को लेकर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा जी के निवास स्थान, 5 मॉल रोड, करनाल पर संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष (शहरी) पराग गाबा, जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) डॉ. राजेश वैद्य तथा पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा ने विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी दी।
जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) डॉ. राजेश वैद्य ने बताया कि 22 जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं प्रदेश प्रभारी संजय दत्त मंगल सेन ऑडिटोरियम, करनाल में संगठनात्मक बैठकों का आयोजन करेंगे। उन्होंने बताया कि दोपहर 1:15 बजे मंगल सेन ऑडिटोरियम में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के सभी पदाधिकारियों से रूबरू होंगे। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक घरौंडा विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं से, शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक इंद्री विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं से तथा शाम 7:00 बजे से 9:00 बजे तक नीलोखेड़ी विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं से रूबरू होकर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि इन बैठकों का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता की बात सुनना, संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाना तथा प्रदेश नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना है।
जिला अध्यक्ष (शहरी) पराग गाबा ने बताया कि 23 जुलाई को सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। इसके बाद 11:00 बजे से 12:45 बजे तक जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों से बैठक होगी तथा 12:45 बजे से 3:00 बजे तक असंध विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं से संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और प्रदेश नेतृत्व का सीधे कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि संगठन में हर कार्यकर्ता की आवाज़ का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझाव ही आने वाले समय में संगठन की दिशा तय करेंगे और करनाल की यह बैठक कांग्रेस को नई ऊर्जा, नई मजबूती और नई रफ्तार देने का मील का पत्थर साबित होगी।
पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं प्रदेश प्रभारी संजय दत्त का संगठनात्मक दौरा 19 जुलाई से प्रारंभ हो चुका है। प्रदेश नेतृत्व ने सबसे पहले उत्तर हरियाणा में संगठन को नई मजबूती देने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 19 जुलाई को पंचकूला, 20 जुलाई को यमुनानगर तथा 22 एवं 23 जुलाई को करनाल में संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई को नीलोखेड़ी, घरौंडा और इंद्री विधानसभा, जबकि 23 जुलाई को करनाल शहरी एवं असंध विधानसभा के कार्यकर्ताओं से प्रदेश नेतृत्व सीधा संवाद करेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल बैठक नहीं, बल्कि संगठन को नई सोच, नई ताकत और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक अवसर है। जितनी अधिक भागीदारी होगी, उतना ही मजबूत संगठन और उतनी ही बुलंद कांग्रेस की आवाज़ होगी।
संयुक्त प्रेस वार्ता में सभी नेताओं ने जिले के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के निर्धारित समयानुसार मंगल सेन ऑडिटोरियम, करनाल पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं प्रदेश प्रभारी संजय दत्त से रूबरू हों, अपने सुझाव रखें तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व संगठन विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। हाल ही में जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों के बाद अब मंडल अध्यक्षों सहित संगठन के विभिन्न स्तरों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिससे कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) डॉ. राजेश वैद्य, जिला अध्यक्ष (शहरी) पराग गाबा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा, पूर्व विधायक राकेश कंबोज, पूर्व विधायक बख्शीश विर्क, पूर्व जिला परिषद चेयरमैन संजय महला, राजीव गोंदर, शेर प्रताप शेरी, नाहर संधू, ब्लॉक प्रधान पप्पू लाठर, सतपाल रोड, राजबीर शर्मा, राजेश चौधरी, भूपी लाठर, ब्लॉक अध्यक्ष गुरविंदर, निश्चय सोही, रणपाल संधू, निप्पी मान, सतीश राणा, प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष सोमिल संधू, नैनपाल राणा, जोगिंदर बाल्मीकि,पंकज गाबा, हरी राम साबा, कृष्ण कुटेल, दिलशेर डाचर, बिंदर पोसवाल, निर्मल सट्टोंडी, युवा कांग्रेस प्रधान रजत लाठर, साहब सिंह, दीपक महाजन, ललित, लाड्डी प्योंत, नवनीत रंधावा, शेर सिंह डबरी, जोगा सिंह, नदीम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
