कुरुक्षेत्र 20 जुलाई। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुष विभाग व जिला प्रशासन के तत्वाधान में एलएनजेपी अस्पताल के आयुष विंग में ओपीडी जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। डॉ. आरुषि ने ऋतुचर्या के अंतर्गत वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य संरक्षण, उचित आहार-विहार, दैनिक दिनचर्या एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही ओपीडी में आए मरीजों को तनाव प्रबंधन के लिए योग द्वारा प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया तथा नियमित योग एवं प्राणायाम को अपनी दिनचर्या में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
गाँव चकजगातियान में लुखी के स्टाफ द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एएमओ डॉ. तन्वी, संजीव कुमार, आयु फार्मासिस्ट, बाला देवी, एवाईएस राज्जी, योग प्रशिक्षक ने भाग लिया और ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आयुर्वेद एवं योग के लाभों के बारे में जागरूक किया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु में अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें, संतुलित आहार लें, स्वच्छता का ध्यान रखें तथा नियमित योग एवं प्राणायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं ताकि वे स्वस्थ और निरोगी जीवन जी सकें।
