कुरुक्षेत्र, 20 जुलाई। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के उप महानिदेशक एवं संयुक्त सचिव डॉ. राजेश रंजन तथा आईसीसीआर के निदेशक (पीपी एंड आर एवं स्कॉलरशिप) संजय वेदी ने सोमवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में अध्ययनरत आईसीसीआर प्रायोजित अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, सुविधाओं तथा सांस्कृतिक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श हुआ। कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अकादमिक, आवासीय तथा सह-पाठयक्रम सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय वैश्विक शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को निरंतर बढ़ावा दे रहा है तथा विदेशी विद्यार्थियों के लिए अनुकूल और समावेशी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
आईसीसीआर के निदेशक संजय वेदी ने कहा कि आईसीसीआर का उद्देश्य विभिन्न देशों के विद्यार्थियों को भारतीय उच्च शिक्षा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय जैसे संस्थान अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव प्रदान कर भारत की शैक्षणिक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा विदेशी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सहयोगात्मक वातावरण की सराहना की तथा भविष्य में आईसीसीआर और विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को और विस्तार देने की बात कही।
डॉ. राजेश रंजन ने विश्वविद्यालय में विदेशी विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आईसीसीआर का उद्देश्य विभिन्न देशों के विद्यार्थियों को भारतीय शिक्षा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने विश्वविद्यालय और आईसीसीआर के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
इसके उपरांत आईसीसीआर अधिकारियों ने विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। विद्यार्थियों ने अपने शैक्षणिक अनुभव, शोध गतिविधियों तथा भारत में अध्ययन के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस अवसर पर इंटरनेशनल स्टूडेंट्स एडवाइजर प्रो संजीव अग्रवाल व इंटरनेशनल स्टूडेंट्स डिप्टी एडवाइजर प्रो. दीपक राज बब्बर सहित विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
बाक्स
90 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों ने लिया संवाद कार्यक्रम में भाग
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सोमवार को सीनेट हॉल में इंटरनेशनल स्टूडेंट्स एडवाइजर प्रो संजीव अग्रवाल व इंटरनेशनल स्टूडेंट्स डिप्टी एडवाइजर प्रो. दीपक राज बब्बर कूे मार्गदर्शन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में लगभग 90 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक, आवासीय, वीजा संबंधी तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। डॉ. राजेश रंजन और संजय वेदी ने विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से सुना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भारत में अध्ययन के अपने अनुभव भी साझा किए और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सुविधाओं की सराहना की।
