शहजादपुर, 18 जुलाई। भाजपा जिला अंबाला की कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा शहजादपुर के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं ब्लॉक समिति शहजादपुर के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर का 17 जुलाई को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र एवं भाजपा परिवार में शोक की लहर है। वे अपने पीछे धर्मपत्नी श्रीमती सुरेशो देवी, पुत्र बलविंद्र सिंह एवं रोहित तथा पुत्रियां गुरप्रीत और हरप्रीत सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को गांव धनाना स्थित स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर के निवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर की पार्थिव देह पर शॉल ओढ़ाकर तथा भारतीय जनता पार्टी का ध्वज अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए तथा शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ, अनुशासित एवं समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा सदैव प्रेरणादायी रहेगी।
उनका निधन भाजपा परिवार, क्षेत्र एवं समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।
इस अवसर पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, एसडीएम शिवजीत भारती, डीएसपी सूरज चावला, मुख्यमंत्री के भाई चंदन सैनी, नम्बरदार सुरेश पाल, हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के वाइस चेयरमैन राकेश बिंदल, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र राणा, जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पवन गुर्जर, भाजपा जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, करमचंद गोल्डी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप सैनी अम्बली, मार्केट कमेटी नारायणगढ़ के अध्यक्ष नरेंद्र राणा कुराली, शहजादपुर मार्किट कमेटी के अध्यक्ष गोपाल मित्तल, भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा शहजादपुर, धर्मवीर गुर्जर, जगदीप कौर नारायणगढ़, पार्षद संजीव कौशिक, मंजू कौशिक, पार्षद राजू मक्कड़, रणधीर सिंह भूरेवाला, अश्विनी अग्रवाल शहजादपुर, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन जसविंदर सिंह बख्तुआ, संजीव गुर्जर धनाना, मनीष मित्तल, हैप्पी शर्मा, सपटर गुर्जर, ब्लॉक समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश कुमार, गांव धनाना के सरपंच कैप्टन केहर सिंह, चेयरमैन जसमेर राणा, राजीव गुप्ता, मंगू राम कंजाला, नेब सैनी रजूमाजरा, राजीव सैनी, बृजपाल राणा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अंतिम संस्कार में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय गुरनाम सिंह गुर्जर के समाज एवं संगठन के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
