करनाल, 17 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, करनाल तथा दयाल सिंह पब्लिक स्कूल, दयाल सिंह कॉलोनी, करनाल के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए तथा विद्यार्थियों को अपने घरों और आस पास रोपण के लिए फलदार पौधे वितरित किए गए।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की माधव शाखा की अध्यक्ष गौरी दत्ता, पर्यावरण अभियान की उपाध्यक्ष सुजाता गुप्ता एवं सदस्य प्रदीप गर्ग, विद्यालय की प्राचार्या सुषमा देवगन, मुख्य अध्यापिका प्रिया कपूर, एनसीसी फर्स्ट ऑफिसर डॉ केवल कृष्ण ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
गौरी दत्ता एवं सुजाता गुप्ता ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करें।
विद्यालय की प्राचार्या सुषमा देवगन एवं मुख्याध्यापिका प्रिया कपूर ने भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय मूल्यों के विकास के लिए भी निरंतर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय के एनसीसी फर्स्ट ऑफिसर डॉ. केवल कृष्ण के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पौधों संग स्वास्तिक का आकर्षक स्वरूप बनाकर पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति एवं प्रकृति के प्रति अपनी आस्था का संदेश दिया। इस अवसर पर बच्चों ने “एक पेड़ माँ के नाम”, “हरित धरती–स्वस्थ जीवन” तथा “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को फलदार पौधे वितरित किए गए तथा उन्हें अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को अधिक से अधिक हरा भरा बनाने का संदेश दिया गया।
