करनाल। हरियाणा में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत ‘इन्यूमरेशन फॉर्म’ जमा कराने की अंतिम तिथि 24 जुलाई तक बढ़ गई है। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने निर्वाचन आयोग के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही सभी पात्र नागरिकों से समय रहते अपना फॉर्म जमा कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज एवं अद्यतन कराने की अपील की।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति जागरूक मतदाता होते हैं। प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में सही, अद्यतन और त्रुटिहीन पंजीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा तिथि बढ़ाया जाना उन नागरिकों के लिए सुनहरा अवसर है, जो किसी कारणवश अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कर सके। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।

बीएलओ से करें संपर्क
महापौर ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित समय सीमा के भीतर इन्यूमरेशन फॉर्म अवश्य जमा करें। साथ ही अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर उन्हें अद्यतन करवाएं। हर परिवार का दायित्व है कि सभी नए पात्र मतदाताओं का भी पंजीकरण सुनिश्चित करे, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। भारत निर्वाचन आयोग के संकल्प ‘कोई मतदाता न छूटे, कोई वोट दो बार न हो’ को साकार करने के लिए सभी को आगे आना होगा। इसी दृष्टिकोण के साथ अपने मत की शक्ति को पहचानें और एक सशक्त, पारदर्शी एवं मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में जिम्मेदारी निभाएं।

आगे आएं युवा मतदाता
भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने भी निर्वाचन आयोग के विशेष अभियान की सराहना करते हुए कहा कि शत-प्रतिशत शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि पात्रता पूरी करने वाले सभी युवा बिना विलंब अपने नजदीकी बीएलओ के पास जाकर पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि 24 जुलाई  निर्धारित होने के कारण नागरिक अंतिम समय की भीड़ से बचते हुए अभी से सक्रियता दिखाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रह जाए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *