करनाल, 15 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सीमा में संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन व गणना प्रपत्र प्राप्त करने का कार्य 24 जुलाई तक किया जाएगा। इसके साथ ही 24 जुलाई तक मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन को भी पूरा करना होगा जबकि ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन 31 जुलाई, 2026 को होगा।
उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई से 30 अगस्त, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी व इनका समाधान 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम नामावली यानी फाइनल वोटर लिस्ट 3 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 24 जुलाई 2026 तक अपने गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा कराएं या ईसीआईनेट मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से ऑनलाइन जमा करें। अन्यथा उनका नाम 31.07.2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारम्भिक मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा।
उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सभी मतदाता इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने परिवार के प्रत्येक पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराएं। अधिक जानकारी के लिए संबंधित जिला निर्वाचन कार्यालय, बीएलओ व 1950 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।
अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि एसआईआर 2026 के तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन व गणना प्रपत्र प्राप्त करने के कार्य की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 24 जुलाई किया गया है। इस अतिरिक्त समय का सदुपयोग करते हुए मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य को पूरा और बेहतर तरीके से करने का मौका मिला है। उन्होंने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट बीएलए-1 एवं बीएलए-2 से अपील की कि वे इस समय का सदुपयोग करें और इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें। वे बीएलओ तथा जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सकती है तथा यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
