रोहतक। मानसरोवर पार्क के पीछे स्थित एक निजी अस्पताल में ईएनटी सर्जरी के दौरान कथित चिकित्सीय लापरवाही का मामला सामने आया है। कान के ऑपरेशन के लिए भर्ती महिला के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से स्वजन ने अस्पताल में हंगामा किया।
महिला के बेटे नितिन के अनुसार, डाक्टरों ने 30–35 मिनट में ऑपरेशन पूरा होने की बात कही थी, लेकिन महिला को दोपहर दो बजे ऑपरेशन थिएटर ले जाने के बाद रात 9:30 बजे बाहर लाया गया।
स्वजन का आरोप है कि मुख्य ईएनटी डाक्टर ऑपरेशन जूनियर डाक्टर को सौंपकर चले गए, जिससे देरी हुई और बेहोशी का असर खत्म होने पर महिला घायल हो गई।
महिला की नाक, होंठ, ठोड़ी और घुटनों पर चोटें व टांके मिले। होश में आने के बाद जब स्वजन ने सवाल उठाए। इस पर अस्पताल की ओर से दावा किया गया कि महिला ने खुद को चोट पहुंचाई।
इस मामले में घटना के बाद एक डाक्टर के अस्पताल से फरार हाेने की भी चर्चा है। वहीं, हंगामे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत ले ली है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
