कुरुक्षेत्र, 6 जुलाई 2026- गुरुकुल कुरुक्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्र ’दिवस राठी’ ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति और तेज प्रस्तुति से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्हें ’इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ द्वारा विश्व रिकॉर्ड धारक घोषित किया गया है। मूलरूप से हरियाणा के गोहाना के धनाना गांव निवासी दिवस राठी गुरुकुल में 9वीं कक्षा में अध्ययनरत है। उनके पिता जहां एक अध्यापक हैं, वहीं माताजी गृहिणी है। दिवस राठी की इस उपलब्धि पर गुरुकुल के प्रधान राजकुमार गर्ग, निदेशक ब्रिगेडियर डाॅ0 प्रवीण कुमार, प्राचार्य सूबेप्रताप सहित समस्त गुरुकुल परिवार ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं गुरुकुल के संरक्षक एवं गुजरात के महामहिम राज्यपालश्री आचार्य देवव्रत जी ने भी दूरभाष पर ‘विश्व स्तर पर गुरुकुल की ख्याति को बढ़ाने’ के लिए दिवस राठी को दूरभाष पर बधाई दी है।
ब्रिगेडियर डाॅ. प्रवीण कुमार ने बताया कि दिवस राठी ने ’“एशिया के सभी देशों के नाम सबसे कम समय में सुनाने”’ का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने मात्र ’14 सेकंड और 27 सेंटीसेकंड’ में एशिया के सभी 49 देशों के नाम सुनाकर यह उपलब्धि हासिल की।
यह रिकॉर्ड ’19 मार्च 2026’ को दर्ज किया गया। उस समय दिवस राठी की आयु ’13 वर्ष, 8 माह और 9 दिन’ थी। उनकी इस उपलब्धि को ’इंटरनेशनल वल्र्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस’ द्वारा मान्यता प्रदान की गई है।
दिवस राठी की इस सफलता से उनके परिवार, विद्यालय और पूरे हरियाणा प्रदेश में खुशी का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि अन्य बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। कम उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाकर दिवस ने यह सिद्ध कर दिया है कि लगन, मेहनत और निरंतर अभ्यास से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
