कुरुक्षेत्र। जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई गई मुहिम एक पेड़ मां के नाम में सभी लोग भागीदार बने और ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर उनके पेड़ बनने तक देखभाल भी करें। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। प्रदेश में नमो वन व औषधि वन विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ-साथ पौधारोपण अभियान चलाकर अधिक से अधिक पौधे रोपित किए जा रहे हैं।
जिप चेयरपर्सन कंवलजीत कौर रविवार को जिला परिषद के प्रांगण में पौधारोपण करने उपरांत बोल रही थी। इससे पहले जिप चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, लेखा अधिकारी सत्यभूषण व एनजीओ से रोशन लाल ने पंचायत भवन के प्रांगण में पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि एनजीओ की तरफ से अलग अलग किस्मों के 65 पौधे इस पंचायत भवन के प्रांगण में लगाए गए है।
उन्होंने कहा कि पौधे लगाने से अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं के आसपास हरियाली बढ़ाने के साथ साथ स्वच्छ और अधिक आरामदायक माहौल तैयार होता है, जिसका सार्वजनिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। पेड़ अत्यधिक गर्मी (हीट स्ट्रेस) को कम करने में मदद करते हैं, छाया प्रदान करते हैं और समग्र पारिस्थितिक संतुलन में योगदान देते हैं, जिससे स्वास्थ्य परिसर मरीजों के लिए अधिक अनुकूल बनते है।
उन्होंने कहा कि मानसून के आगमन के साथ ही पौधे जीवित रहने की उच्च दर के कारण वृक्षारोपण गतिविधियों के लिए स्थिति में आदर्श हो जाती हैं। इसलिए जिला परिषद विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे योजनाबद्ध तरीके से इस वृक्षारोपण अभियान को चलाने के लिए स्थानीय प्रशासन और बागवानी विभागों के साथ मिलकर काम करें।
उन्होंने नागरिकों से जिम्मेदारी का आह्वान किया कि वे वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और अपने जन्म दिवस, विवाह वर्षगांठ इत्यादि के खुशी के अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके वृक्ष बनने तक उसकी पूर्ण देखभाल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधे जब विशाल वृक्ष का रूप लेते हैं, तभी वे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, शीतल छाँव और जैव-विविधता का आधार प्रदान कर पाते हैं। हर दिन हमें पर्यावरण के प्रति सजग रहकर सक्रिय प्रयास करने चाहिए, ताकि एक स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने आम नागरिक से अपील करते हुए कहा कि अपने जीवन में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधा रोपित करेें और उसका पालन-पोषण भी करें।
इस मौके पर लेखा अधिकारी सत्यभूषण, जिला परिषद का स्टाफ व एनजीओ के सदस्य रोशन लाल सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित थे।
अपने जीवन में एक पेड़ अवश्य करे रोपित, पंचायत भवन के प्रांगण में किए 65 पौधे रोपित
डॉ. राजेश वधवा
