कुरुक्षेत्र, 4 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र की लाडवा,शाहबाद, थानेसर व पिहोवा विधानसभा में एम्यूरेशन फार्मों को डिजिटाइजेशन करने का 54 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। इस कार्य के लिए शाहबाद विधानसभा सबसे आगे रही, इस विधानसभा में 69.42 प्रतिशत डिजिटाइजेशन के कार्य को पूरा किया है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने आज यहां बातचीत करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की चारों विधानसभाओं में लगभग 98 प्रतिशत एम्यूरेशन फार्मो के वितरण का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसमें लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 99.03 प्रतिशत, शाहबाद में 99.67 प्रतिशत, थानेसर में 96.19 प्रतिशत तथा पिहोवा विधानसभा में 96.23 प्रतिशत एम्यूरेशन फार्मों को घर घर जाकर लोगों तक पहुंचाया गया है। इस कार्य को पूरा करने के बाद बीएलओ एम्यूरेशन फार्मों को एकत्रित करने के साथ साथ डिजिटाइजेशन करने के लिए विशेष फोकस रखकर कार्य कर रहे है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में जहां 54 प्रतिशत फार्मों का डिजिटाइजेशन हुआ है इनमें लाडवा विधानसभा में 62.12 प्रतिशत, शाहबाद विधानसभा में 69.42 प्रतिशत, थानेसर विधानसभा में 37.20 प्रतिशत, पिहोवा विधानसभा में 51.28 प्रतिशत का आंकडा शामिल है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में कुल 7 लाख 83 हजार 831 मतदाताओं को लेकर एसआईआर का कार्य तेज गति के साथ किया जा रहा है। इस कार्य में 810 बीएलओ पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ अपनी डयूटी का निर्वहन कर रहे है। इन बीएलओ के अलावा विभिन्न राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त किए गए बीएलए भी एम्यूरेशन फार्मों के कार्य में अपना योगदान दे रहे है।
