कुरुक्षेत्र, 30 जून। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में आज रविदास मंदिर निवारसी में डॉ. मीना द्वारा नि:शुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 72 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक आयुर्वेदिक परामर्श एवं निशुल्क औषधियां वितरित की गईं।
शिविर में डॉ. मीना ने आयुर्वेद में वर्णित दिनचर्या एवं वर्तमान वर्षा ऋतु में अपनाई जाने वाली स्वास्थ्यवर्धक आदतों पर विशेष बल दिया और बताया कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा तथा रोगों की रोकथाम पर भी समान रूप से बल देता है। उन्होंने नियमित दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार एवं प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट सिम्मी ने मरीजों को आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की तथा उनके सेवन की सही विधि के बारे में जानकारी दी। योग प्रशिक्षक संजय कुमार ने उपस्थित लोगों को नियमित योग एवं प्राणायाम के लाभ बताते हुए स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
