कुरुक्षेत्र, 24 जून। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के मिनी ऑडिटोरियम में दो दिवसीय मीडिया प्रोडक्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के प्रथम दिन संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि मीडिया इंडस्ट्री को प्रशिक्षित एवं प्रतिभावान युवा उपलब्ध कराना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है, ताकि वे स्वयं के साथ-साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कार्यशाला से प्रशिक्षित विद्यार्थी संस्थान द्वारा संचालित तीन प्रमुख प्लेटफॉर्म – केयूके पॉडकास्ट, केयूके न्यूज तथा मीडिया चौपाल में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इससे विश्वविद्यालय की अकादमिक, प्रशासनिक एवं अन्य गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार संभव होगा। उन्होंने इस आयोजन के लिए कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा का आभार व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यशाला के प्रथम तकनीकी सत्र में नई दिल्ली के प्रसिद्ध “द अवर चील-पील पॉडकास्ट” के संयोजक आदित्य सांगवान ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को पॉडकास्ट निर्माण से जुड़ी तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि एक सफल पॉडकास्ट के लिए बेहतर संसाधनों के साथ गहन शोध, तकनीकी समझ और कड़ी मेहनत आवश्यक है। वीडियो एडिटिंग, एंकरिंग और किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी प्रस्तुतीकरण इसकी सफलता के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा करने, व्यक्तिगत डायरी लिखने तथा अध्ययन की आदत विकसित करने की सलाह दी।
दूसरे सत्र में पीटीसी के वरिष्ठ रिपोर्टर अशोक यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में अच्छे कंटेंट का महत्व सबसे अधिक है। गुणवत्तापूर्ण कंटेंट ही समाज को जागरूक और प्रगतिशील बनाता है। उन्होंने कहा कि लोग सार्थक और उपयोगी सामग्री पसंद करते हैं, इसलिए अपने कार्य के प्रति ईमानदारी और समर्पण बनाए रखना आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने वीडियो एडिटिंग से जुड़े अपने तकनीकी एवं व्यावहारिक अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
कार्यशाला के संयोजक एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. आबिद अली ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को मीडिया प्रोडक्शन के विभिन्न आयामों से परिचित कराना तथा उनकी सोशल मीडिया प्रोडक्शन दक्षता को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में मीडिया, ग्राफिक्स एवं एनीमेशन तथा प्रबंधन विभाग के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। साथ ही संस्थान के शिक्षक भी विशेषज्ञों से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक डॉ. अभिनव, डॉ. रोशन मस्ताना, डॉ. तपेश किरण, डॉ. प्रदीप, रितु, सुनीता, राकेश कुमार, सचिन वर्मा, अमित जांगड़ा, मोनिका दुआ तथा टेक्निकल एग्जीक्यूटिव डॉ. सतीश राणा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *