कुरुक्षेत्र। शहीद बाबा जीवन सिंह एवं मजहबी सिख सुधार सभा गुरुद्वारा फौजी कॉलोनी द्वारा गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस मनाया गया जिसमें साध संगत ने बड़ी श्रद्धा से भाग लिया। फौजी कॉलोनी के महामंत्री हिंदू सिख एकता के प्रतीक बजरंगी सरदार कुलवंत सिंह भट्टी ने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी द्वारा रचित सुखमणी साहिब की वाणी जिसे कि हर रोज करोड़ों लोग पाठ करके अपना जीवन सुधार रहे है। श्रीगुरु अर्जुन देव जी धैर्य, समानता और समर्पण व साहस के प्रतीक है। उनके शहीदी दिवस से हमें ज्ञान लेना चाहिए कि ऐसे महापुरुष जिन्होंने अपना जीवन सदैव ही परमेश्वर के चरणों में लगाया रखा और हसते-हसते उन्होंने अपना बलिदान दे दिया। श्री गुरु अर्जुन देव जी गुरुनानक देव जी के पांचवे अवतार है। उन्होंने अपने द्वारा गुरु ग्रंथ साहिब की रचना की जिसमें सभी जातियों की वाणी है। इस अवसर पर ब्राह्मण धर्मशाला के समीप सन्निहित सरोवर पर ठंडे-मीठे जल की छबील लगाई गई। इसमें साध संगत ने सहयोग दिया। छबील की सेवा करते हुए हिंदु सिख एकता के प्रतीक बजरंगी सरदार कुलवंत सिंह भट्टी ने कहा कि प्यासे को पानी पिलाना एक पुण्य का काम है। भीषण गर्मी में जल सेवा मानव जीवन की सबसे बड़ी सेवा है क्योंकि गर्मी के दिनों में पानी के आभाव में न जाने कितनी जाने चली जाती है, यदि प्यासे को पानी मिल जाए तो वह उसके लिए जीवन दान है। इसलिए गर्मी के मौसम में ज्यादा से ज्यादा पानी पिलाने की सेवा करनी चाहिए, ताकि दूसरों का जीवन बचा सकें। उन्होंने कहा कि मानव के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की सेवा करना चाहिए।
