चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में चल रही खींचतान के बीच सोमवार को विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा के पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया तथा युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से नई दिल्ली में मुलाकात की।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस अध्यक्ष से अलग मिले, जबकि सुखबीर कटारिया व निशित कटारिया ने एक साथ मुलाकात की। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद को हाल ही में कर्नाटक कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। ऐसे में हरियाणा को किसी भी समय नया प्रभारी मिल सकता है। इस लिहाज से कांग्रेस अध्यक्ष के साथ हुड्डा की मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हरियाणा की राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई है। प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अभी तक प्रदेश कमेटी का गठन नहीं हो पाया है। प्रदेश प्रभारी भी नया नियुक्त होना है। राज्य में मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण अभियान चालू हो गया है।

कांग्रेस 15 जुलाई के बाद राज्य में बड़ा आंदोलन खड़ा करने की तैयारी

कांग्रेस 15 जुलाई के बाद राज्य में बड़ा आंदोलन खड़ा करने की तैयारी में है। ऐसे में हुड्डा की खरगे से हुई इस मुलाकात व बातचीत को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हुड्डा गुट से ही संबंध रखने वाले पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया व युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया की भी कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात काफी महत्वपूर्ण रही है।

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब के नेतृत्व में पिछले सप्ताह कुरुक्षेत्र में नीट परीक्षाओं के लीकेज के विरोध में बड़ा आंदोलन खड़ा किया गया था। यह आंदोलन निशित कटारिया की अगुवाई में हुआ था। तब दीपेंद्र हुड्डा व निशित कटारिया को काफी चोटें आई थीं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने युवक कांग्रेस के आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं, गरीबों व विद्यार्थियों के हित में आंदोलन की यह प्रक्रिया लगातार जारी रखी जाए। हुड्डा, सुखबीर कटारिया व निशित कटारिया ने खऱगे को राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर बधाई दी।

इस दौरान हरियाणा में कांग्रेस की गतिविधियों, जनआंदोलनों तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई है। मुलाकात के दौरान कांग्रेस को अधिक मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोडने तथा प्रदेश में जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक स्तर पर संघर्ष तेज करने पर भी चर्चा हुई है।

पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने क्या कहा?

पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को दक्षिण हरियाणा में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियानों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा जनता के मुद्दों को लेकर किए जा रहे संघर्षों से अवगत कराया।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान प्रदेशभर में युवाओं के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए चलाए गए आंदोलनों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

वहीं युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि, हरियाणा का युवा अपने भविष्य, रोजगार और शिक्षा को लेकर चिंतित है, लेकिन युवा कांग्रेस अन्याय और दमन के सामने झुकने वाली नहीं है।

चाहे एचएसएससी कार्यालय का घेराव हो, युवाओं के रोजगार का मुद्दा हो या फिर नीट पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के खिलाफ संघर्ष, युवा कांग्रेस हर मोर्चे पर युवाओं की आवाज बनकर खड़ी रही है। युवाओं के अधिकारों की इस लड़ाई को हम और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज रही है। युवाओं का संघर्ष और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है।

हमें संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से जनता के बीच जाकर संघर्ष करना होगा। आने वाला समय कांग्रेस की विचारधारा और जनहित की राजनीति को और अधिक मजबूत करेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *