कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र स्थित दुखभंजन महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भगवान हनुमान जी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां डालकर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और उन्होंने हनुमान जी के चरणों में माथा टेककर अपने परिवार की खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
इस अवसर पर बजरंगी सरदार कुलवंत सिंह भट्टी ने कहा कि संकटमोचन हनुमान जी अपने भक्तों के सभी संकट दूर करते हैं। जो श्रद्धा और विश्वास के साथ उनकी आराधना करता है, उस पर हनुमान जी की विशेष कृपा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि हनुमान भक्ति से व्यक्ति में साहस, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
हवन यज्ञ के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर कुलवंत सिंह भट्टी, प्रदीप तिवारी, सुरेश अरोड़ा, एचके पाल, ज्ञान चंद पराशर, सुनील वधवा, टींकू शर्मा, श्याम लाल, चंद्रिका, सुदेश धीमान, डा. सत्य नारायण शर्मा, ललित लाली, हर्षित मिगलानी आदि श्रद्धालु प्रमुख रुप से मौजूद रहे।
