कुरुक्षेत्र, 12 जून। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के कुरुक्षेत्र पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित अभिनंदन समारोह में डॉ. गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित यह भव्य कार्यक्रम संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता शुक्रवार देर सायं कुरूक्षेत्र स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के कारण ही भाजपा देश और प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अनुशासित होता है और जिस भी जिम्मेदारी में रहता है, वह तन, मन और धन से पार्टी एवं समाज और राष्ट्र की सेवा करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कभी यह नहीं सोचता कि उसे क्या मिला, बल्कि वह हमेशा यह सोचता है कि वह संगठन, समाज और राष्ट्र के लिए क्या योगदान दे सकता है। बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक सभी कार्यकर्ता समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। जिम्मेदारियां भले ही अलग-अलग हों, लेकिन सभी का लक्ष्य संगठन को मजबूत करना और जनता की सेवा करना है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और नेतृत्व के अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्हें मिली जिम्मेदारी इस बात का प्रमाण है कि भाजपा महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व में भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा में महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं और संगठन में आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभा सकती हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए राजनीति करती है। पार्टी का मूल मंत्र सेवा ही संगठन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का प्रधान सेवक और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को प्रदेश का मुख्य सेवक बताते हुए उन्होंने कहा कि दोनों नेता जनसेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
डॉ. गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सेवा गतिविधियां और जनकल्याण शिविर चलाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा युवाओं और किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कुरुक्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं का पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर मेहनत करनी होगी। उन्होंने विशेष रूप से बूथ स्तर को सशक्त बनाने और आगामी चुनावों में क्षेत्र की सभी चारों विधानसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य लेकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और संगठन का मान बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष सरदार तजिंदर सिंह गोल्डी, प्रदेश सचिव  राहुल राणा , स्वागत कार्यक्रम प्रदेश संयोजक  जवाहर सैनी, जिला प्रभारी  दीपक शर्मा , सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी भाजपा  राजकुमार सैनी, श्रीमती बीबी करतार कौर   पूर्व राज्यमंत्री  सुभाष सुधा, हरियाणा सरस्वती हेरिटेज बोर्ड वाईस चेयरमैन धुमन सिंह किरमच , हरियाणा राज्य सहकारी कृषि ग्रामीण विकास बैंक (HSCARDB) चेयरमैन  मास्टर सुभाष कलसाना, हरियाणा भूमि सुधार विभाग चेयरमैन  गुरनाम सैनी जी, हरियाणा सरकार में 48 कोस निगरानी एवं विकास समिति चेयरमैन रविंद्र सांगवान , हरियाणा शुगर फेडरेशन पूर्व चेयरमैन धर्मवीर डागर, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड पूर्व चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर , पूर्व प्रत्याशी पिहोवा विधानसभा पंडित जय भगवान शर्मा डीडी , जिला परिषद चेयरमैन श्रीमती कँवलजीत कौर  जिला महामंत्री  रमेश सैनी,  अर्जुन त्यागी  व पार्टी के सभी जेयष्ट श्रेष्ठ कार्यकर्ता बंधुगण आदि उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *