चंडीगढ़। हरियाणा में पुलिस, वन और जेल विभाग के विभिन्न पदों की भर्ती के तहत 15 जून से शारीरिक जांच परीक्षण (पीएसटी) और शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) का दौर शुरू होगा। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस कॉन्स्टेबल 5500 पदों के लिए पीएसटी का छह दिन का शेड्यूल जारी करते हुए अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं।

इसी तरह विज्ञापन संख्या 13/2024, 02/2026 और 04/2026 के तहत पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी करते हुए पीएमटी का शेड्यूल जारी कर दिया है, जो 15 और 16 जून को होगा।

पुलिस कॉन्स्टेबल का पीएसटी 15 से 20 जून तक सुबह पांच बजे से सुबह साढे नौ बजे तक होगाा। आधे घंटे पहले ही एंट्री बंद कर दी जाएगी। आयोग ने जिन पदों के लिए अभ्यर्थियों को पीएमटी के लिए बुलाया है उनमें डिप्टी रेंजर, वार्डर (पुरुष/महिला), असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जेल, पुरुष एवं महिला कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी), सब-इंस्पेक्टर, फारेस्टर और फारेस्ट गार्ड शामिल हैं।
विज्ञापन संख्या 13/2024 के तहत खेल कोटा श्रेणी में डिप्टी रेंजर, वार्डर, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जेल, पुरुष एवं महिला कॉन्स्टेबल और सब-इंस्पेक्टर पदों के लिए उपलब्ध पदों की संख्या के मुकाबले 10 गुना अभ्यर्थियों को पीएमटी के लिए बुलाया गया है। फारेस्टर (विज्ञापन 02/2026) और फारेस्ट गार्ड (विज्ञापन 04/2026) के लिए रिक्तियों के मुकाबले 25 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया है।

फारेस्ट गार्ड भर्ती के लिए पीएमटी 15 और 16 जून को होगा। प्रक्रिया को चार बैचों में बांटा गया है ताकि व्यवस्था और समय प्रबंधन बेहतर रहे। पहला बैच सुबह 6:30 बजे, दूसरा सुबह 8:30 बजे, तीसरा सुबह 10:30 बजे और चौथा बैच दोपहर 12:30 बजे का रहेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। पहले बैच के लिए सुबह 7 बजे, दूसरे के लिए 9 बजे, तीसरे के लिए 11 बजे और चौथे के लिए दोपहर 1 बजे के बाद एंट्री बंद कर दी जाएगी।

फॉरेस्टर भर्ती तथा विज्ञापन 13/2024 के अंतर्गत आने वाले अन्य पदों के लिए पीएमटी 16 जून को चौथे बैच में आयोजित किया जाएगा। इन उम्मीदवारों को दोपहर 12:30 बजे रिपोर्ट करना होगा और एक बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। आयोग ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में पीएमटी के लिए बुलाए जाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *