करनाल। नगर निगम कार्यालय में वीरवार को महापौर रेणु बाला गुप्ता ने पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया। जनसुनवाई के दौरान महापौर ने नागरिकों के साथ आत्मीय संवाद में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्य करना नहीं, बल्कि हर नागरिक की समस्या को अपनी जिम्मेदारी समझकर उसका समाधान सुनिश्चित करना है।
शहर के मूलभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए महापौर ने कहा कि शहर की स्वच्छता, बेहतर सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसे मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति बढ़ाने के लिए विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है, ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जनसहभागिता सबसे बड़ी शक्ति
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि शहर के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनता के सुझाव और सहयोग ही किसी भी शहर की प्रगति की असली ताकत होते हैं। यदि किसी क्षेत्र में कोई समस्या हो तो नागरिक निसंकोच अपनी बात रखें, ताकि नगर निगम समय पर समाधान सुनिश्चित कर सके। सामूहिक प्रयासों से ही करनाल को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
