कुरुक्षेत्र 11 जून। वीरवार को पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन की अध्यक्षता में पुलिस लाईन में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण को लेकर पुलिस कल्याण गोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने कल्याण गोष्ठी में पुलिस कर्मियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। गोष्ठी के दौरान पुलिस कर्मचारियों की सुविधाओं, आवास व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने कल्याण गोष्ठी में कहा कि पुलिस कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका कल्याण और सुविधाएं सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन परिसर में कीटनाशक दवाई का छिड़काव करवाने के आदेश दिए, ताकि मच्छरों एवं अन्य बीमारियों से बचाव किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य की सुरक्षा बेहद जरूरी है तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित रूप से सफाई और फॉगिंग करवाई जाएगी। इसके अलावा पुलिस लाइन के क्वार्टरों में पीएनजी गैस सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभाग को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और आधुनिक सुविधाओं से उनका जीवन अधिक सुगम होगा। गोष्ठी के दौरान पुलिस लाइन में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक करवाने तथा आंतरिक सड़कों की मरम्मत कराने के भी आदेश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस मौका पर सभी डीएसपी, हैड क्लर्क निरीक्षक दीपक कुमार, प्रवाचक पुलिस अधीक्षक, स्टैनों, टीएसआई, सम्बंधित विभागों से प्रतिनिधि, पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
