करनाल 5 जून : बढ़ती गर्मी एवं तपिश के बीच सिप्ला हेल्थ लिमिटेड द्वारा करनाल विधायक श्री जगमोहन आनंद के सहयोग एवं मार्गदर्शन में करनाल जिला स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल में आने वाले मरीजों को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए प्रोलाइट ओआरएस उपलब्ध करवाए जायेंगे। इसके अंतर्गत जिला के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को प्रोलाइट ओआरएस का वितरण किया जाएगा।
कंपनी के अधिकारियों ने करनाल विधायक जगमोहन आनंद से मुलाकात कर इस जनहितकारी पहल की शुरुआत की।
इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि सिप्ला हेल्थ लिमिटेड द्वारा समाजसेवा एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। बढ़ती गर्मी के दौरान अस्पतालों में आने वाले मरीजों को इससे राहत मिलेगी तथा डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर समस्या से बचाव में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं को भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में आगे आकर योगदान देना चाहिए।
कंपनी के अधिकारी श्री कुणाल अरोड़ा, श्री सुरेंद्र कुमार, श्री वरुण वशिष्ठ, श्री मनीष बंसल एवं डिस्ट्रीब्यूटर श्री ललित आनंद तथा श्री आनंद मोहन ने बताया कि गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन का खतरा सबसे अधिक रहता है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी, तरल पेय पदार्थ तथा ओआरएस का घोल लेते रहना चाहिए। ओरल रिहाइड्रेशन साल्ट (ओआरएस) शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करने में सहायक होता है तथा अत्यधिक पसीना आने या शरीर में पानी की कमी होने की स्थिति में संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण होने वाली बीमारियों से सतर्कता और जागरूकता के माध्यम से बचाव किया जा सकता है। इसके लिए लोगों को अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए तथा लंबे समय तक धूप में रहने से बचना चाहिए। शरीर में पानी की कमी होने पर कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए समय रहते सावधानी बरतना आवश्यक है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *